औरैया न्यूज़
Home / Local / Uttar Pradesh / औरैया
🚨 Breaking News | औरैया

उधारी विवाद में घर में घुसकर मारपीट व लूट का आरोप, कई नामजद : कानपुर इलाज को जा रहे व्यापारी के घर दबंगों का धावा

औरैया | 20-Feb-2026 07:01 PM | 311 |
औरैया
कानपुर इलाज को जा रहे व्यापारी के घर दबंगों का धावा

औरैया। जनपद के एरवा कटरा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम देईपुर में उधारी के विवाद ने गंभीर रूप ले लिया। गांव निवासी विजय गुप्ता पुत्र विनोद गुप्ता ने गांव के ही कई लोगों पर घर में घुसकर मारपीट, लूटपाट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है।

पीड़ित के अनुसार, उनकी “मां के कैला देवी बिल्डिंग मटेरियल” नाम से निर्माण सामग्री की दुकान देईपुर में संचालित है। आरोप है कि वर्ष 2022 में मनीष यादव पुत्र राजू यादव, निवासी ग्राम नगला वाले, थाना अरवा कटरा, ने करीब 200 बोरी सीमेंट उधार ली थी। बकाया भुगतान को लेकर पिछले तीन वर्षों से केवल आश्वासन दिया जाता रहा।

विजय गुप्ता का आरोप है कि 22 जनवरी 2026 को सुबह करीब 11 बजे, जब वह अपनी माता को उपचार के लिए कानपुर ले जाने की तैयारी कर रहे थे, तभी मनीष यादव अपने भाई सुरेश यादव, पिता राजू यादव, चचेरे भाई चंचल यादव तथा अन्य नामजद आरोपियों—बादाम सिंह यादव और मुनेश यादव—के साथ उनके घर में घुस आए।

आरोप है कि गाली-गलौज के बाद मारपीट शुरू कर दी गई। मुनेश यादव द्वारा तमंचा निकालकर धमकाने और विजय गुप्ता व उनकी माता के साथ मारपीट करने का भी आरोप है। पीड़ित का कहना है कि आरोपियों ने इलाज के लिए रखे 45,000 रुपये नकद, एचडीएफसी बैंक की चेकबुक (दो हस्ताक्षरित चेक सहित) और उनकी माता की सोने की जंजीर छीन ली।

शोर सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो आरोपी कथित रूप से धमकी देते हुए फरार हो गए। पीड़ित ने थाना अरवा कटरा में तहरीर देकर सभी नामजद आरोपियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

 

अन्य खबरें

PHM NEWS Repoter
Copyright © 2024 - 2025 PHM News. All Rights Reserved.