औरैया न्यूज़
Home / Local / Uttar Pradesh / औरैया
🚨 Breaking News | औरैया

अछल्दा में जिला स्तरीय युवा जागरण शिविर : 300 युवाओं ने लिया संकल्प

औरैया | 17-Aug-2026 02:59 PM | 311 |
औरैया
300 युवाओं ने लिया संकल्प

औरैया (अछल्दा)। देश और समाज के निर्माण में युवाओं की भूमिका को मजबूत करने के उद्देश्य से रविवार को अछल्दा के स्टेशन रोड स्थित महामाई गार्डन में जिला स्तरीय युवा जागरण शिविर का आयोजन किया गया। शांतिकुंज हरिद्वार के मार्गदर्शन में आयोजित शिविर में औरैया, अजीतमल, सहार, बिधूना, अछल्दा और भाग्यनगर ब्लॉक से 300 से अधिक युवाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं सामूहिक गायत्री मंत्र के उच्चारण के साथ हुआ। इसके बाद यज्ञ, सामूहिक ध्यान, प्रेरणादायक गीत और विचार गोष्ठी आयोजित की गई। शिविर में युवाओं को नशामुक्ति, पर्यावरण संरक्षण, जल बचाओ, संस्कार, स्वावलंबन, कौशल विकास और समाजसेवा जैसे विषयों पर जागरूक किया गया।

वक्ताओं ने कहा कि चरित्र निर्माण ही राष्ट्र निर्माण की नींव है। युवाओं को नशे और गलत संगति से दूर रहकर शिक्षा, अनुशासन, कौशल और सेवा के मार्ग पर आगे बढ़ने का आह्वान किया गया। साथ ही खेल, योग और रचनात्मक गतिविधियों को जीवन में शामिल करने के लिए प्रेरित किया गया।

पर्यावरण संरक्षण के तहत पौधरोपण, पेड़ों की रक्षा और जल की बर्बादी रोकने का संदेश दिया गया। डिजिटल युग में सोशल मीडिया के जिम्मेदार उपयोग पर भी चर्चा हुई। युवाओं से अफवाहों और भ्रामक सूचनाओं से बचने तथा मोबाइल-इंटरनेट का उपयोग शिक्षा और कौशल विकास के लिए करने की अपील की गई।

शिविर के समापन पर 300 से अधिक युवाओं ने नशामुक्ति, पर्यावरण संरक्षण, जल बचाने और समाजसेवा का सामूहिक संकल्प लिया। आयोजकों ने कहा कि युवाओं को सामाजिक एवं रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ना शिविर का प्रमुख उद्देश्य है।

अन्य खबरें

PHM NEWS Repoter
Copyright © 2024 - 2025 PHM News. All Rights Reserved.