औरैया न्यूज़
Home / Local / Uttar Pradesh / औरैया
🚨 Breaking News | औरैया

औरैया में ओडीओपी प्रशिक्षण पर उठे सवाल, : प्रतिभागियों ने लगाए अनियमितताओं के आरोप

औरैया | 22-Feb-2026 10:18 AM | 311 |
औरैया
प्रतिभागियों ने लगाए अनियमितताओं के आरोप

औरैया जनपद में उद्योग विभाग एवं उद्यमिता विकास संस्थान द्वारा संचालित वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट (ODOP) योजना के अंतर्गत आयोजित 10 दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम विवादों में आ गया है। प्रशिक्षण में भाग ले रहे प्रतिभागियों ने कार्यक्रम संचालन में गंभीर अनियमितताओं के आरोप लगाए हैं, जिससे योजना की पारदर्शिता और गुणवत्ता पर प्रश्नचिह्न खड़े हो गए हैं।

प्रशिक्षुओं का कहना है कि जिन ट्रेनरों के नाम आधिकारिक सूची में दर्शाए गए हैं, वे मौके पर उपस्थित नहीं हो रहे हैं। उनकी जगह अन्य व्यक्तियों द्वारा प्रशिक्षण कराया जा रहा है, जिनकी विशेषज्ञता और अनुभव को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। प्रतिभागियों का आरोप है कि इससे प्रशिक्षण की गुणवत्ता प्रभावित हो रही है और उन्हें अपेक्षित व्यावहारिक ज्ञान नहीं मिल पा रहा है।

इसके अतिरिक्त भोजन व्यवस्था को लेकर भी असंतोष जताया गया है। योजना के दिशा-निर्देशों के अनुसार प्रशिक्षण अवधि में प्रतिभागियों को भोजन उपलब्ध कराया जाना चाहिए, लेकिन आरोप है कि कई दिनों से यह सुविधा नहीं दी गई। इससे दूरदराज से आए प्रतिभागियों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

सबसे बड़ा विवाद प्रशिक्षण की तिथियों को लेकर सामने आया है। आधिकारिक रिकॉर्ड में कार्यक्रम की शुरुआत 17 तारीख से दिखाई गई है, जबकि अधिकांश प्रतिभागियों को इसकी सूचना 19 तारीख को दी गई। इससे आशंका जताई जा रही है कि कहीं कागजों में ही प्रशिक्षण अवधि पूर्ण दिखाने का प्रयास तो नहीं किया जा रहा।

फिलहाल मामले में संबंधित अधिकारियों की प्रतिक्रिया का इंतजार है। यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो यह शासन की महत्वाकांक्षी ओडीओपी योजना की साख पर असर डाल सकता है।

अन्य खबरें

KIRORI MAL KA HATA, SUMER SAGAR, GORAKHPUR
Copyright © 2024 - 2025 PHM News. All Rights Reserved.