सिरोही न्यूज़
Home / Local / Uttar Pradesh / सिरोही
🚨 Breaking News | सिरोही

मेसर्स कमलेश मेटाकास्ट के खिलाफ सर्व समाज एकजुट : 28 जनवरी को महाआंदोलन | सिरोही

सिरोही | 15-Jan-2026 09:27 AM | 317 |
सिरोही
28 जनवरी को महाआंदोलन | सिरोही

मेसर्स कमलेश मेटाकास्ट प्राइवेट लिमिटेड के खिलाफ सर्व समाज एकजुट

श्रीमाली ब्राह्मण समाज ने आंदोलन को दिया पूर्ण समर्थन

15 जनवरी को प्रेस कॉन्फ्रेंस,28 जनवरी को महाआंदोलन

सिरोही। मेसर्स कमलेश मेटाकास्ट प्राइवेट लिमिटेड की प्रस्तावित खनन परियोजना के विरोध में क्षेत्र में जनआक्रोश लगातार तेज होता जा रहा है। अब इस आंदोलन को श्रीमाली ब्राह्मण समाज का भी खुला और पूर्ण समर्थन मिल गया है। समाज ने एकमत होकर इस खनन परियोजना को पर्यावरण, जल स्रोतों और स्थानीय जनजीवन के लिए विनाशकारी बताते हुए इसे तत्काल निरस्त करने की मांग की है।

भारजा गांव में हुई श्रीमाली ब्राह्मण समाज की अहम बैठक

श्रीमाली ब्राह्मण समाज की एक महत्वपूर्ण बैठक भारजा गांव में आयोजित की गई, जिसमें समाज के वरिष्ठजन, प्रबुद्ध नागरिक एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे। बैठक में सर्वसम्मति से यह निष्कर्ष निकाला गया कि प्रस्तावित खनन परियोजना से जल, जमीन और जंगल को गंभीर क्षति पहुंचेगी। साथ ही इससे क्षेत्र के किसान, पशुपालक, आदिवासी समाज तथा वन्यजीवों के अस्तित्व पर भी संकट उत्पन्न होगा।

36 कौम सर्व समाज को तन-मन-धन से समर्थन का ऐलान

बैठक में श्रीमाली ब्राह्मण समाज ने 36 कौम सर्व समाज के बैनर तले चल रहे आंदोलन को तन, मन और धन से पूर्ण सहयोग देने की घोषणा की। समाज के प्रतिनिधियों ने कहा कि यह आंदोलन केवल किसी एक वर्ग का नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के भविष्य और प्राकृतिक संसाधनों की रक्षा की सामूहिक लड़ाई है।

28 जनवरी को होगा सर्व समाज का महाआंदोलन

यदि सरकार द्वारा इस खनन परियोजना को निरस्त नहीं किया गया, तो 28 जनवरी को सर्व समाज के नेतृत्व में एक विशाल महाआंदोलन किया जाएगा। यह आंदोलन सरगामाता मंदिर के पास आयोजित किया जाएगा। विभिन्न समाजों और संगठनों के बढ़ते समर्थन को देखते हुए इस आंदोलन के ऐतिहासिक और व्यापक स्वरूप लेने की संभावना है।

15 जनवरी को सिरोही में पत्रकार वार्ता

खनन परियोजना के विरोध में चल रहे आंदोलन को लेकर 15 जनवरी को सिरोही में एक पत्रकार वार्ता आयोजित की जाएगी। इसमें खनन संघर्ष समिति, 36 कौम सर्व समाज, राष्ट्रीय पशुपालक संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री लाल सिंह रायका, भारतीय किसान संघ सहित कई सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि भाग लेंगे।

पत्रकार वार्ता सुबह 11 बजे होटल अतिथि इन, राम झरोखा के पास, सिरोही में आयोजित होगी।

मीडिया से सहयोग की अपील

संघर्षरत गांवों के लोगों ने बताया कि बीते लगभग चार महीनों से क्षेत्रवासी जल, जमीन और जंगल की रक्षा के लिए शांतिपूर्ण संघर्ष कर रहे हैं। इस संघर्ष में पीड़ित जनता ने जिले के सभी ईमानदार और कर्तव्यनिष्ठ पत्रकारों से सहयोग की अपील की है, ताकि मीडिया गरीब, किसान, पशुपालक और आदिवासी समाज की सशक्त आवाज बन सके।

क्षेत्रवासियों ने अब तक मिले मीडिया सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि देश के चौथे स्तंभ की भूमिका इस आंदोलन में निर्णायक है। उन्होंने आगे भी सकारात्मक और जनहितकारी सहयोग की अपेक्षा जताई है।

सादर निवेदन-क्षेत्र की पीड़ित जनता

अन्य खबरें

KIRORI MAL KA HATA, SUMER SAGAR, GORAKHPUR
Copyright © 2024 - 2025 PHM News. All Rights Reserved.