ट्रेंडिंग न्यूज़
Home / Local / Uttar Pradesh / सहारनपुर
🚨 Breaking News | सहारनपुर

आजाद समाज पार्टी की सहारनपुर रैली में चंद्रशेखर आजाद का हमला : बोले—UP में वोट चोरी नहीं होने देंगे

सहारनपुर | 28-Nov-2025 12:00 AM | 11 |
सहारनपुर
बोले—UP में वोट चोरी नहीं होने देंगे

सहारनपुर। आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद ने संविधान दिवस पर आयोजित सहारनपुर, मेरठ और मुरादाबाद मंडल की “संवैधानिक अधिकार बचाओ, भाईचारा बनाओ” रैली में केंद्र और प्रदेश सरकार पर सीधा हमला बोला। उन्होंने कहा कि बिहार की तरह यूपी में एसआईआर के जरिए वोट चोरी नहीं होने दी जाएगी। कार्यकर्ताओं से अपील की कि “बीएलओ की बगल में कुर्सी नहीं, खाट डाल लेना” और हर बूथ पर मजबूत उपस्थिति बनाए रखना।

चंद्रशेखर ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ डिटेंशन सेंटर का नाम लेकर लोगों को डराना चाहते हैं, लेकिन ताकत मिलने पर उनकी पार्टी इन सेंटरों को खत्म करेगी। उन्होंने दावा किया कि बाबा साहेब अम्बेडकर की विचारधारा और मनुवादी सोच के बीच संघर्ष जारी है।

उन्होंने घोषणा की कि जनवरी में बड़े पैमाने पर पदयात्रा निकाली जाएगी, जिसमें निजी क्षेत्र में आरक्षण और बैलेट से चुनाव कराने की मांग प्रमुख रहेगी। आजाद ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में विरोध करने वालों के घर पर बुलडोजर चला दिया जाता है।

किसानों की समस्याओं पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि गन्ना उत्पादन की लागत 350 रुपये से ज्यादा है, जबकि किसानों को 400 रुपये प्रति क्विंटल ही मिल रहा है। सत्ता में आने पर उनकी पार्टी 500 रुपये प्रति क्विंटल गन्ना मूल्य और 9 दिन के भीतर भुगतान सुनिश्चित करेगी। मेरठ में हाईकोर्ट की अतिरिक्त बेंच भी स्थापित की जाएगी।

रैली में पूर्व विधायक शाहनवाज राना आसपा में शामिल हुए। उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार में मुस्लिम नेताओं का उत्पीड़न हो रहा है और उन्हें जेल भेजा जा रहा है।

पूर्व सांसद अमीर आलम खां और अन्य वक्ताओं ने कहा कि एकजुटता ही भाजपा को हार का स्वाद चखा सकती है। भीम आर्मी भारत एकता मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनय रतन सिंह ने कहा कि गरीब और किसान भी सत्ता परिवर्तन की ताकत रखते हैं।

रैली में भारी भीड़ उमड़ी और वक्ताओं ने 2027 के लिए मजबूत राजनीतिक संघर्ष की हुंकार भरी।

अन्य खबरें

PHM NEWS Repoter
Copyright © 2024 - 2025 PHM News. All Rights Reserved.