कटिहार न्यूज़
Home / Local / Uttar Pradesh / कटिहार
🚨 Breaking News | कटिहार

दिशा बैठक में उठा जनहित का मुद्दा, गेराबाड़ी विद्यालय मार्ग : बिजली और दमकल सुविधा पर प्रशासन का आश्वासन

कटिहार | 07-Feb-2026 11:35 PM | 296 |
कटिहार
बिजली और दमकल सुविधा पर प्रशासन का आश्वासन

 

कटिहार जिले के विकास भवन सभागार में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की महत्वपूर्ण बैठक माननीय सांसद तारिक अनवर की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में जिले के सभी माननीय विधायक, जिला पदाधिकारी, मुख्य पार्षद, प्रमुख, दिशा समिति के सदस्य एवं विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे। इस अवसर पर PHM News के अन्नू खान भी मौजूद रहे।
बैठक के दौरान डीआरडीए के निदेशक सुदामा प्रसाद सिंह द्वारा कोढ़ा नगर पंचायत के मुख्य पार्षद धीरज कुमार सिंह का पौधा एवं अंग वस्त्र देकर स्वागत किया गया।
बैठक में मुख्य पार्षद धीरज कुमार सिंह ने जनहित से जुड़ी कई महत्वपूर्ण समस्याओं को लिखित रूप से सदन के समक्ष रखा। उन्होंने विशेष रूप से कोढ़ा नगर पंचायत के गेराबाड़ी बस्ती स्थित प्राथमिक विद्यालय तक जाने वाले रास्ते की समस्या को प्रमुखता से उठाया। इस पर जिला पदाधिकारी ने आश्वासन देते हुए कहा कि हर हाल में विद्यालय तक पहुंचने के रास्ते का समाधान किया जाएगा, जिससे बच्चों एवं स्थानीय लोगों को सुविधा मिल सके।
इसके अलावा मुख्य पार्षद ने नगर पंचायत के विभिन्न वार्डों में बिजली के पोल एवं तार नहीं होने की समस्या भी उठाई। उन्होंने बताया कि क्षेत्र भ्रमण के दौरान लोगों की ओर से लगातार शिकायतें मिल रही हैं। इस पर जिला पदाधिकारी ने संबंधित स्थानों की लोकेशन के साथ लिखित आवेदन देने पर जल्द ही बिजली पोल एवं तार की व्यवस्था कराने का भरोसा दिलाया।
मुख्य पार्षद ने गेराबाड़ी बाजार को घनी आबादी वाला क्षेत्र बताते हुए वहां दमकल गाड़ी की स्थायी व्यवस्था की मांग भी रखी। उन्होंने सुझाव दिया कि कोढ़ा थाना एवं प्रखंड मुख्यालय के पास पर्याप्त सरकारी जमीन उपलब्ध है, जहां दमकल वाहन रखने की व्यवस्था की जा सकती है। इससे आग लगने जैसी आपात स्थिति में त्वरित राहत कार्य संभव हो सकेगा।
बैठक के दौरान जनप्रतिनिधियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जान के खतरे की स्थिति में जल्द शस्त्र लाइसेंस निर्गत करने की मांग भी उठाई गई। इसके साथ ही कई अन्य जनहित से जुड़े मुद्दों पर भी विस्तार से चर्चा की गई। प्रशासन द्वारा समस्याओं के समाधान हेतु आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया गया।

अन्य खबरें

KIRORI MAL KA HATA, SUMER SAGAR, GORAKHPUR
Copyright © 2024 - 2025 PHM News. All Rights Reserved.