श्रद्धेय स्व० धर्मनाथ चौधरी जी की पांचवीं पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित : समाजसेवा और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को किया गया याद
आज मुजफ्फरपुर स्थित उत्तर बिहार वाणिज्य एवं उद्योग परिषद के सभा कक्ष में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के समर्पित स्वयंसेवक, जनसंघ (भाजपा) के संस्थापक सदस्य एवं विभिन्न सामाजिक तथा शैक्षणिक संस्थानों में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले श्रद्धेय स्व० धर्मनाथ चौधरी जी की पांचवीं पुण्यतिथि श्रद्धापूर्वक मनाई गई। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी तथा उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व को स्मरण किया।
सभा में वक्ताओं ने कहा कि स्व० धर्मनाथ चौधरी जी ने अपने जीवनकाल में समाज सेवा, शिक्षा और राष्ट्रहित के कार्यों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके आदर्श, अनुशासन और समाज के प्रति समर्पण आज भी नई पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उनके जीवन से यह सीख मिलती है कि निस्वार्थ भाव से समाज के लिए कार्य करना ही सच्ची सेवा है।
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने उनके योगदान को याद करते हुए कहा कि उन्होंने सामाजिक और शैक्षणिक संस्थानों के विकास में जो भूमिका निभाई, उसे कभी भुलाया नहीं जा सकता। उनके द्वारा दिखाए गए मार्ग पर चलकर समाज को आगे बढ़ाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
अंत में ईश्वर से प्रार्थना की गई कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा सभी को उनके आदर्शों पर चलने की प्रेरणा प्रदान करें।