गोरखपुर न्यूज़
Home / Local / Uttar Pradesh / गोरखपुर
🚨 Breaking News | गोरखपुर

रोटरी क्लब गोरखपुर की क्लब पदाधिकारी प्रशिक्षण संगोष्ठी सम्पन्न : सेवा और नेतृत्व पर मिला मार्गदर्शन

गोरखपुर | 10-Jun-2026 07:57 PM | 47 |
गोरखपुर
सेवा और नेतृत्व पर मिला मार्गदर्शन

गोरखपुर। रोटरी क्लब गोरखपुर की ओर से होटल क्लार्क में क्लब पदाधिकारी प्रशिक्षण संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य आगामी रोटरी वर्ष 2026-27 के लिए क्लब के पदाधिकारियों, निदेशकों और विभिन्न समितियों के चेयरमैन को उनकी जिम्मेदारियों तथा रोटरी की सेवा भावना से प्रभावी रूप से परिचित कराना था। संगोष्ठी में क्लब संचालन, सेवा-प्रकल्पों, रोटरी फाउंडेशन, जनसंपर्क, व्यावसायिक सेवा और रिपोर्टिंग जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से प्रशिक्षण दिया गया।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर रोटेरियन अनूप अग्रवाल, प्रो. शिव शरण दास तथा डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नामिनी रोटेरियन मंकेश्वर नाथ पांडेय उपस्थित रहे। वक्ताओं ने रोटरी की कार्यप्रणाली, सेवा-दृष्टि और नेतृत्व क्षमता के विभिन्न पहलुओं पर प्रकाश डालते हुए कहा कि रोटरी केवल सेवा कार्यों तक सीमित संस्था नहीं है, बल्कि समाज में सकारात्मक और स्थायी परिवर्तन लाने का एक प्रभावशाली माध्यम है।
वक्ताओं ने बताया कि किसी भी क्लब की सफलता केवल कार्यक्रमों की संख्या से नहीं, बल्कि उनकी गुणवत्ता, प्रभावशीलता, अनुशासन और सही प्रस्तुति से तय होती है। उन्होंने सेवा-कार्यों के साथ-साथ उनकी व्यवस्थित रिपोर्टिंग, अभिलेखीकरण और प्रभावी जनसंपर्क को भी आवश्यक बताया, ताकि समाज के अधिक से अधिक लोग रोटरी की गतिविधियों से प्रेरित हो सकें।
पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर रोटेरियन अनूप अग्रवाल ने कहा कि प्रशिक्षण और सीखने की प्रक्रिया रोटरी जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा है। उन्होंने संगोष्ठी में उपस्थित सदस्यों की सक्रिय सहभागिता की सराहना करते हुए सभी को निरंतर सीखते रहने और सेवा के मार्ग पर आगे बढ़ने का संदेश दिया।
प्रो. शिव शरण दास ने क्लब अध्यक्ष रोटेरियन सतीश राय और अध्यक्ष 2026-27 रोटेरियन प्रवीर आर्य को इस उपयोगी आयोजन के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम पदाधिकारियों को संगठन की मूल भावना और जिम्मेदारियों को समझने का अवसर प्रदान करते हैं।
डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नामिनी रोटेरियन मंकेश्वर नाथ पांडेय ने कहा कि रोटरी में प्रत्येक पद समाज के प्रति एक बड़ी जिम्मेदारी का प्रतीक है। उन्होंने पदाधिकारियों से योजनाबद्ध, पारदर्शी और परिणामोन्मुख कार्य करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान रोटरी क्लब की उपलब्धियों और इतिहास पर आधारित प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता भी आयोजित की गई, जिसमें विजेताओं को सम्मानित किया गया। अंत में सभी रोटेरियनों ने सेवा, नेतृत्व और सामाजिक उत्तरदायित्व के माध्यम से समाज में सकारात्मक योगदान देने का संकल्प लिया।

अन्य खबरें

PHM NEWS Repoter
Copyright © 2024 - 2025 PHM News. All Rights Reserved.