गोरखपुर न्यूज़
Home / Local / Uttar Pradesh / गोरखपुर
🚨 Breaking News | गोरखपुर

12 जुलाई को गोरखपुर में रोटरी बिजनेस एक्सपो-2026 : एक ही छत के नीचे 45 ब्रांड होंगे शामिल

गोरखपुर | 10-Jul-2026 04:34 PM | 47 |
गोरखपुर
एक ही छत के नीचे 45 ब्रांड होंगे शामिल

गोरखपुर। शहर के उद्यमियों, व्यापारियों और उपभोक्ताओं को एक साझा मंच पर लाने के उद्देश्य से रोटरी क्लब गोरखपुर मिडटाउन द्वारा 12 जुलाई (रविवार) को स्थानीय होटल कोटियार्ड बाय मैरियट में विकास केजरीवाल ग्रुप रोटरी बिजनेस एक्सपो-2026 का आयोजन किया जाएगा। एक्सपो का उद्घाटन शहर की गणमान्य हस्तियों द्वारा किया जाएगा। इस आयोजन में विभिन्न क्षेत्रों के करीब 45 प्रतिष्ठित ब्रांड अपने उत्पादों और सेवाओं का प्रदर्शन करेंगे।
यह जानकारी शुक्रवार को गोरखपुर क्लब के सभागार में आयोजित प्रेसवार्ता में क्लब के पदाधिकारियों ने दी। क्लब अध्यक्ष रो. गौरव अग्रवाल ने बताया कि इस वर्ष एक्सपो की थीम "एंटरप्रेन्योरशिप टू एम्पैथी" रखी गई है। उनका कहना था कि सफल व्यवसाय केवल लाभ कमाने तक सीमित नहीं है, बल्कि उसमें संवेदनशीलता, सामाजिक सहभागिता और सेवा की भावना भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने कहा कि एक्सपो स्थानीय एवं बाहरी शहरों के उद्यमियों को एक मंच पर लाकर नए व्यावसायिक संपर्क स्थापित करने, ब्रांड प्रमोशन, नए उत्पादों एवं सेवाओं की जानकारी साझा करने तथा व्यापारिक संभावनाओं को विस्तार देने का अवसर प्रदान करेगा।
कार्यक्रम निदेशक रो. सुधीर अग्रवाल एवं विवेक अग्रवाल ने बताया कि रोटरी का मूल मंत्र "फेलोशिप और सेवा" है। इसी भावना के साथ व्यापारियों के बीच संवाद और सहयोग का मंच तैयार किया गया है, जिससे गुणवत्ता, सामंजस्य और व्यावसायिक सहयोग को बढ़ावा मिलेगा। उनका कहना था कि यह आयोजन व्यापारियों को नई ऊंचाइयों तक पहुंचने के लिए प्रेरित करेगा।
क्लब सचिव रो. रौनक गोयल ने बताया कि एक्सपो में गोरखपुर के अलावा देवरिया, बस्ती, वाराणसी, खलीलाबाद और महराजगंज सहित कई शहरों के उद्यमी भाग लेंगे। प्रदर्शनी में ब्रांडेड ज्वेलरी, फैशन, रेडीमेड परिधान, लाइफस्टाइल उत्पाद, उपभोक्ता वस्तुएं तथा विभिन्न व्यावसायिक स्टॉल लगाए जाएंगे। साथ ही आकर्षक फूड स्टॉल भी आगंतुकों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र होंगे।
आयोजकों ने बताया कि परिवारों और बच्चों के लिए भी विशेष इंतजाम किए गए हैं। बच्चों के लिए गेम जोन, पर्यावरण विषयक पेंटिंग प्रतियोगिता और 10 से 16 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों के लिए आर्ट एंड क्राफ्ट प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। प्रतियोगिता में प्रतिभागियों को अपना आवश्यक सामान स्वयं लाना होगा, जबकि ड्राइंग शीट संस्था की ओर से उपलब्ध कराई जाएगी। इसके अलावा सभी आगंतुकों के लिए निःशुल्क लकी ड्रा का भी आयोजन होगा।
कार्यक्रम की सफलता के लिए रो. मंजू अग्रवाल, रीना अग्रवाल, स्मिता अग्रवाल, सीमा अग्रवाल, प्रिया अग्रवाल, रीता अग्रवाल, अशोक अग्रवाल, इंदर करवानी, सचिन अग्रवाल, समता अग्रवाल, राजर्षि बंसल, अभिषेक अग्रवाल और अंजना अग्रवाल सहित कई सदस्य सक्रिय रूप से तैयारियों में जुटे हैं। आयोजकों के अनुसार सभी तैयारियां अंतिम चरण में हैं और रोटरी क्लब गोरखपुर का यह पहला बिजनेस एक्सपो व्यापार, समाज और सेवा के बीच मजबूत सेतु बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित होगा।

अन्य खबरें

PHM NEWS Repoter
Copyright © 2024 - 2025 PHM News. All Rights Reserved.