गोरखपुर न्यूज़
Home / Local / Uttar Pradesh / गोरखपुर
🚨 Breaking News | गोरखपुर

गोरखपुर: राप्ती नदी में रील बनाते समय दो युवकों की डूबकर मौत, शव बरामद : घंटों चले सर्च ऑपरेशन के बाद दोनों शव बरामद

गोरखपुर | 06-Jun-2026 06:24 PM | 47 |
गोरखपुर
घंटों चले सर्च ऑपरेशन के बाद दोनों शव बरामद

गोरखपुर। सोशल मीडिया के लिए रील बनाने का जुनून शनिवार को दो परिवारों के लिए जीवनभर का दर्द बन गया। पीपीगंज थाना क्षेत्र के ग्राम करतहरी के पास राप्ती नदी में नहाते समय रील बना रहे सात युवकों में से दो युवक गहरे पानी में डूब गए। घंटों चले सर्च ऑपरेशन के बाद दोनों के शव बरामद कर लिए गए। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सात युवक राप्ती नदी के करतहरी घाट पर नहाने गए थे। इसी दौरान वे मोबाइल फोन से वीडियो और रील बना रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार रील बनाने के दौरान दो युवक नदी के गहरे हिस्से में पहुंच गए और तेज बहाव में फंसकर डूबने लगे। साथियों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन वे सफल नहीं हो सके।
सूचना मिलते ही पीपीगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से तलाश अभियान शुरू कराया। राहत-बचाव कार्य के दौरान कुछ समय बाद शिवम कुमार (पुत्र संजीव कुमार), निवासी ग्राम जगदीशपुर गाही, थाना सहजनवा का शव बरामद कर लिया गया।
दूसरे युवक गोलू कुमार (पुत्र रामदीन, उम्र लगभग 19 वर्ष), निवासी ग्राम जगदीशपुर गाही की तलाश के लिए पीएसी की 26वीं वाहिनी के प्रशिक्षित गोताखोरों को बुलाया गया। कई घंटों तक चले संयुक्त सर्च ऑपरेशन के बाद गोलू का शव भी नदी से बरामद कर लिया गया।
घटनास्थल पर सदर तहसील प्रशासन के अधिकारी भी मौजूद रहे और पूरे अभियान की निगरानी करते रहे। अधिकारियों ने राहत एवं बचाव कार्यों की समीक्षा करते हुए संबंधित टीमों को आवश्यक निर्देश दिए।
दोनों युवकों की मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। गांव में शोक का माहौल है और बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
प्रारंभिक जांच में नदी की अधिक गहराई और तेज बहाव को हादसे का कारण माना जा रहा है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि नदी, तालाब या अन्य जलाशयों में नहाते समय सावधानी बरतें तथा सोशल मीडिया के लिए किसी भी प्रकार का जोखिम उठाने से बचें।

अन्य खबरें

KIRORI MAL KA HATA, SUMER SAGAR, GORAKHPUR
Copyright © 2024 - 2025 PHM News. All Rights Reserved.