गोरखपुर न्यूज़
Home / Local / Uttar Pradesh / गोरखपुर
🚨 Breaking News | गोरखपुर

गोरखपुर: पुरवाई लोक कला सम्मान-2026 के लिए रामदरश शर्मा और पवन पंक्षी चयनित : 2अगस्त को होटल ब्लैक हार्स में होगा सम्मान समारोह, डॉ. राजीव केतन की स्मृति में प्रतिवर्ष सम्मानित होंगे वरिष्ठ व युवा लोक कलाकार

गोरखपुर | 29-Jul-2026 11:00 PM | 47 |
गोरखपुर
2अगस्त को होटल ब्लैक हार्स में होगा सम्मान समारोह, डॉ. राजीव केतन की स्मृति में प्रतिवर्ष सम्मानित होंगे वरिष्ठ व युवा लोक कलाकार

रिपोर्ट: विभव पाठक, ब्यूरो चीफ

गोरखपुर। लोक संस्कृति और लोक कलाओं के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए समर्पित संस्था ‘पुरवाई कला’ ने प्रतिष्ठित ‘पुरवाई लोक कला सम्मान-2026’ के लिए कलाकारों के नामों की घोषणा कर दी है। संस्था के संस्थापक एवं प्रख्यात रंगकर्मी स्वर्गीय डॉ. राजीव केतन की स्मृति में दिए जाने वाले इस सम्मान के लिए अंतरराष्ट्रीय लोक गायक रामदरश शर्मा का चयन वरिष्ठ कलाकार वर्ग तथा अंतरराष्ट्रीय लोक गायक पवन पंक्षी का चयन युवा कलाकार वर्ग में किया गया है।
दोनों कलाकारों को लोक संगीत, लोक संस्कृति और भारतीय सांगीतिक परंपराओं के संरक्षण एवं प्रसार में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया जाएगा। सम्मान समारोह 2 अगस्त को विजय चौक स्थित होटल ब्लैक हार्स के सभागार में आयोजित होगा।
संस्था के पदाधिकारियों ने बताया कि स्वर्गीय डॉ. राजीव केतन ने अपना संपूर्ण जीवन लोककला, रंगमंच और सांस्कृतिक चेतना के विस्तार के लिए समर्पित किया था। उनकी स्मृति और सांस्कृतिक संकल्पों को जीवंत बनाए रखने के उद्देश्य से प्रत्येक वर्ष राष्ट्रीय स्तर के एक वरिष्ठ और एक युवा लोक कलाकार को ‘पुरवाई लोक कला सम्मान’ प्रदान किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि इस पहल के माध्यम से जहां वरिष्ठ कलाकारों की दीर्घकालीन साधना का सम्मान किया जाएगा, वहीं युवा प्रतिभाओं को लोककला की समृद्ध परंपरा को आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
बुधवार को गोरखनाथ स्थित संस्था कार्यालय में आयोजित तीन सदस्यीय चयन समिति की बैठक में सम्मान के लिए कलाकारों के नामों पर अंतिम निर्णय लिया गया। बैठक में संस्था की अध्यक्ष ममता श्रीवास्तव, कोषाध्यक्ष हृदया त्रिपाठी तथा अंकिता त्रिपाठी उपस्थित रहीं। समिति ने दोनों कलाकारों की दीर्घकालीन सांगीतिक साधना, लोकसंगीत के क्षेत्र में योगदान और सांस्कृतिक सक्रियता का मूल्यांकन करने के बाद सर्वसम्मति से उनके नामों का चयन किया।

अन्य खबरें

PHM NEWS Repoter
Copyright © 2024 - 2025 PHM News. All Rights Reserved.