गोरखपुर न्यूज़
Home / Local / Uttar Pradesh / गोरखपुर
🚨 Breaking News | गोरखपुर

गोरखपुर में एचपी गैस से भरा कैप्सूल टैंकर पलटा, रिसाव की आशंका पर प्रशासन अलर्ट : खोराबार के आराजी बसडिला के पास हुआ हादसा, चालक घायल; ट्रैफिक डायवर्ट कर शुरू किया गया राहत-बचाव कार्य

गोरखपुर | 25-Jun-2026 10:26 PM | 47 |
गोरखपुर
खोराबार के आराजी बसडिला के पास हुआ हादसा, चालक घायल; ट्रैफिक डायवर्ट कर शुरू किया गया राहत-बचाव कार्य

गोरखपुर। खोराबार थाना क्षेत्र के आराजी बसडिला गांव के पास गुरुवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एचपी गैस से भरा एक कैप्सूल टैंकर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। गैस रिसाव की आशंका को देखते हुए प्रशासन और आपातकालीन सेवाएं तुरंत सक्रिय हो गईं। त्वरित कार्रवाई के चलते किसी बड़े हादसे को टाल दिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गैस से भरा कैप्सूल टैंकर गीडा औद्योगिक क्षेत्र से बिहार की ओर जा रहा था। दोपहर करीब 1:30 बजे आराजी बसडिला गांव के समीप चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा, जिससे टैंकर सड़क से नीचे उतरकर पलट गया। प्रारंभिक जांच में चालक को झपकी आने की संभावना जताई जा रही है।
हादसे में चालक घायल हो गया। सूचना मिलते ही एनएचएआई की एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायल चालक को तत्काल इलाज के लिए एम्स गोरखपुर भेजा गया। चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार जारी है।
घटना की जानकारी मिलते ही खोराबार थाना प्रभारी सुधांशु सिंह के नेतृत्व में पुलिस बल, फायर ब्रिगेड और एनएचएआई की टीम मौके पर पहुंच गई। संभावित गैस रिसाव और सुरक्षा जोखिम को देखते हुए पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर दी गई। फायर ब्रिगेड की टीम ने टैंकर की लगातार निगरानी करते हुए सुरक्षा मानकों के अनुसार आवश्यक कदम उठाए।
प्रशासन ने एहतियात के तौर पर आसपास के लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी और राहत-बचाव कार्य शुरू कर दिया। अधिकारियों ने यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि टैंकर को सुरक्षित तरीके से हटाया जाए तथा किसी भी स्थिति में गैस का रिसाव न होने पाए।
हादसे के कारण बिहार जाने वाली लेन पर यातायात प्रभावित हुआ। स्थिति को नियंत्रित रखने के लिए प्रशासन ने ट्रैफिक को कड़जहा मार्ग की ओर डायवर्ट कर दिया। पुलिसकर्मी लगातार मौके पर तैनात रहकर यातायात व्यवस्था संभालते रहे।
अधिकारियों के अनुसार फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। हालांकि सुरक्षा के मद्देनजर क्षेत्र में निगरानी जारी रखी गई है और टैंकर को सुरक्षित हटाने की प्रक्रिया चल रही है।

अन्य खबरें

KIRORI MAL KA HATA, SUMER SAGAR, GORAKHPUR
Copyright © 2024 - 2025 PHM News. All Rights Reserved.