गोरखपुर न्यूज़
Home / Local / Uttar Pradesh / गोरखपुर
🚨 Breaking News | गोरखपुर

गोरखपुर में मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना के तहत स्वास्थ्य कार्ड वितरित : प्रभारी मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने किया शुभारंभ

गोरखपुर | 08-Jul-2026 10:04 PM | 47 |
गोरखपुर
प्रभारी मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने किया शुभारंभ

गोरखपुर। प्रदेश सरकार के जल शक्ति मंत्री एवं जनपद के प्रभारी मंत्री स्वतंत्र देव सिंह की अध्यक्षता में बुधवार को बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह में मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना के अंतर्गत स्वास्थ्य कार्ड वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शिक्षक, अभिभावक, जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के वाराणसी से दिए गए संबोधन के सजीव प्रसारण के साथ हुआ। इस दौरान जानकारी दी गई कि प्रदेशभर के 12 लाख शिक्षकों एवं उनके परिवारों को मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना का लाभ प्रदान किया जा रहा है। इसके साथ ही 1.10 करोड़ विद्यार्थियों के खातों में डीबीटी के माध्यम से यूनिफॉर्म, जूते, मोजे, स्वेटर, स्कूल बैग और स्टेशनरी के लिए प्रति छात्र 1,200 रुपये की धनराशि हस्तांतरित की गई।
कार्यक्रम में यह भी बताया गया कि 10 लाख शिक्षक एवं संविदा कर्मियों की सामाजिक सुरक्षा को मजबूत करने के उद्देश्य से भारतीय स्टेट बैंक के साथ एमओयू किया गया है। वहीं राष्ट्रीय स्तर पर चयनित स्वच्छ एवं हरित विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को भी सम्मानित किया गया।
सजीव प्रसारण के उपरांत प्रभारी मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने जनपद के माध्यमिक एवं बेसिक शिक्षकों को मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना के स्वास्थ्य कार्ड वितरित किए। इसके अलावा विद्यार्थियों के अभिभावकों को प्रतीकात्मक चेक तथा कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय की प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त छात्राओं को अध्ययन सामग्री किट प्रदान कर सम्मानित किया गया।
अपने संबोधन में स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि यह योजना शिक्षकों के सम्मान, स्वास्थ्य सुरक्षा और सामाजिक कल्याण की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल है। उन्होंने कहा कि शिक्षक समाज और राष्ट्र निर्माण की आधारशिला हैं, इसलिए उनकी सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने विश्वास जताया कि इस योजना से शिक्षकों और उनके परिवारों को गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधाएं बिना आर्थिक चिंता के उपलब्ध हो सकेंगी।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। सरकार शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के साथ-साथ शिक्षकों के आर्थिक, सामाजिक और स्वास्थ्य संबंधी हितों की रक्षा के लिए लगातार कार्य कर रही है।
कार्यक्रम में विधान परिषद सदस्य ध्रुव कुमार त्रिपाठी एवं डॉ. धर्मेंद्र सिंह, महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव, विधायक महेंद्र पाल सिंह, मुख्य विकास अधिकारी शाश्वत त्रिपुरारी सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं शिक्षक उपस्थित रहे।

अन्य खबरें

PHM NEWS Repoter
Copyright © 2024 - 2025 PHM News. All Rights Reserved.