गोरखपुर: कैण्ट व एम्स पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, अवैध .32 बोर पिस्टल के साथ युवक गिरफ्तार : अभियान के तहत संदिग्ध की तलाशी में अवैध हथियार बरामद, आर्म्स एक्ट में मुकदमा दर्ज
रिपोर्ट: विभव पाठक, ब्यूरो चीफ
गोरखपुर। अपराध एवं अवैध हथियारों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत कैण्ट थाना और एम्स पुलिस की संयुक्त टीम ने चेकिंग के दौरान एक युवक को अवैध .32 बोर पिस्टल के साथ गिरफ्तार किया है। बरामदगी के आधार पर आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, संयुक्त टीम क्षेत्र में सघन वाहन एवं संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध युवक को रोककर उसकी तलाशी ली गई, जिसमें उसके पास से .32 बोर की एक अवैध पिस्टल बरामद हुई।
पूछताछ में आरोपी की पहचान अभिषेक यादव, पुत्र राकेश यादव, निवासी जानीपुर, थाना गोला, जनपद गोरखपुर के रूप में हुई। बरामदगी के आधार पर थाना कैण्ट में मु0अ0सं0 393/2026 के तहत धारा 3/25 आर्म्स एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जनपद में अवैध हथियार रखने वालों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी है। संदिग्ध व्यक्तियों की सघन चेकिंग कर ऐसे मामलों में कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।