गोरखपुर न्यूज़
Home / Local / Uttar Pradesh / गोरखपुर
🚨 Breaking News | गोरखपुर

त्योहार में खलल डालने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई : सीओ कोतवाली ओंकार दत्त तिवारी : गणेश पूजा व बारावफात को लेकर कोतवाली सर्कल में शांति समिति की बैठक, आयोजकों को दिए दिशा-निर्देश

गोरखपुर | 29-Aug-2025 09:01 PM | 47 |
गोरखपुर
गणेश पूजा व बारावफात को लेकर कोतवाली सर्कल में शांति समिति की बैठक, आयोजकों को दिए दिशा-निर्देश

गोरखपुर। आगामी त्यौहारों गणेश पूजा और बारावफात को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में सम्पन्न कराने के लिए गुरुवार को कोतवाली सर्कल के तीनों थाने—राजघाट, तिवारीपुर और कोतवाली—पर शांति समिति की बैठक आयोजित की गई।

एसएसपी राजकरन नैय्यर के निर्देश और एसपी सिटी अभिनव त्यागी के पर्यवेक्षण में आयोजित इस बैठक की अध्यक्षता सीओ कोतवाली ओंकार दत्त तिवारी ने की। बैठक में गणेश पूजा समिति के आयोजक, मुतवल्ली, समाजसेवी और क्षेत्र के संभ्रांत नागरिक उपस्थित रहे।

सीओ ओंकार दत्त तिवारी ने कहा कि पुलिस त्योहारों को सकुशल सम्पन्न कराने के लिए पूरी तरह मुस्तैद है। सभी आयोजकों को निर्देशित किया गया है कि पंडाल में आरती के समय डीजे साउंड बंद रहेगा। डीजे पर अमर्यादित या आपत्तिजनक गाने और भाषण पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगे। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने बताया कि जुलूस में आयोजक मंडल के वालंटियर अनिवार्य रूप से मौजूद रहेंगे, जिनकी पहचान आईकार्ड या किसी विशेष चिह्न से होगी। जुलूस के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त किए गए हैं और पुलिस बल हर समय तैनात रहेगा। बिना नोडल अधिकारी और पुलिस बल के कोई भी जुलूस नहीं निकाला जाएगा।

बैठक के दौरान राजघाट थाने के प्रभारी सदानंद सिन्हा, तिवारीपुर थाने के प्रभारी गौरव कुमार वर्मा और कोतवाली थाने के प्रभारी छत्रपाल सिंह ने भी उपस्थित जनों को शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि पुलिस हर पहलू पर निगरानी रखेगी और शांति व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

अन्य खबरें

KIRORI MAL KA HATA, SUMER SAGAR, GORAKHPUR
Copyright © 2024 - 2025 PHM News. All Rights Reserved.