गोरखपुर में शादी समारोह बना रणक्षेत्र: डीजे विवाद में युवक की मौत, दूसरा गंभीर घायल : पत्थरबाजी और मारपीट में गई युवक की जान
गोरखपुर। शाहपुर थाना क्षेत्र के अकोलवा स्थित एक मैरिज हॉल में शुक्रवार रात शादी समारोह उस समय मातम में बदल गया, जब डीजे पर गाना बजाने को लेकर घराती और बाराती पक्ष के बीच विवाद हो गया। मामूली कहासुनी देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई और जमकर ईंट-पत्थर चलने लगे। इस घटना में बारात पक्ष के एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। वहीं विवाह की शेष रस्में पुलिस की मौजूदगी में संपन्न कराई गईं।
जानकारी के मुताबिक नगर निगम में सफाई कर्मचारी जितेंद्र की पुत्री का विवाह समारोह अकोलवा स्थित मैरिज हॉल में आयोजित था। बारात पहुंचने के बाद स्वागत समारोह के दौरान डीजे पर युवक नृत्य कर रहे थे। इसी दौरान गाने को लेकर दोनों पक्षों के युवकों में विवाद शुरू हो गया। मामला गाली-गलौज से बढ़ते हुए मारपीट तक पहुंच गया। देखते ही देखते दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और जमकर पत्थरबाजी शुरू हो गई। मैरिज हॉल में अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाकर इधर-उधर भागने लगे।
इसी दौरान घराती पक्ष के कुछ लोगों ने बारात पक्ष के दो युवकों को पकड़ लिया और उनकी बेरहमी से पिटाई कर दी। घटना में सुमित नामक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक नेपाली गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल का इलाज अस्पताल में चल रहा है। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
सूचना मिलते ही शाहपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया, जबकि घायल को अस्पताल पहुंचाया गया। मामले में पीड़ित पक्ष की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
शाहपुर थाना प्रभारी राकेश रोशन सिंह ने बताया कि शादी समारोह में मारपीट और पत्थरबाजी की घटना हुई थी, जिसमें एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया था, जिसकी बाद में मौत हो गई। मृतक की पहचान सुमित निवासी पानी टंकी के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि आरोपियों की तलाश की जा रही है और जल्द ही गिरफ्तारी कर उन्हें जेल भेजा जाएगा।
बताया जा रहा है कि मृतक सुमित की शादी महज एक माह पहले ही हुई थी। घटना के बाद उसकी पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है। शादी समारोह की खुशियां कुछ ही पलों में मातम में बदल गईं।
गौरतलब है कि शादी समारोहों में डीजे को लेकर विवाद की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। एक सप्ताह पहले भी शाहपुर थाना क्षेत्र के बिछिया ताड़ी खाना इलाके के एक मैरिज हॉल में गाना बदलने को लेकर विवाद हुआ था, जिसमें चाकूबाजी की घटना सामने आई थी।
अन्य खबरें
गोरखपुर : वाहन टक्कर के बाद महिला से अभद्रता व मारपीट, शाहपुर पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
गोरखपुर न्यूज़गोरखपुर : गोला पुलिस ने लूटकांड का किया खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार, लॉकेट और बाइक बरामद
गोरखपुर न्यूज़गोरखपुर से पौधरोपण महायज्ञ-2026 की शुरुआत करेंगे सीएम योगी : 35 करोड़ पौधरोपण का लक्ष्य
गोरखपुर न्यूज़बांसगांव में सक्रिय हुए पूर्व मंत्री सदल प्रसाद : जनसंपर्क अभियान से बढ़ी राजनीतिक हलचल
गोरखपुर न्यूज़