गोरखपुर न्यूज़
Home / Local / Uttar Pradesh / गोरखपुर
🚨 Breaking News | गोरखपुर

गोरखपुर में पांचवीं मोहर्रम का शाही जुलूस निकला : सैय्यद अयान अली शाह का हुआ भव्य स्वागत

गोरखपुर | 21-Jun-2026 08:17 PM | 47 |
गोरखपुर
सैय्यद अयान अली शाह का हुआ भव्य स्वागत

गोरखपुर। मोहर्रम की पांचवीं तारीख पर शहर के ऐतिहासिक इमामबाड़ा स्टेट से रविवार को शाही जुलूस पूरे अदब, एहतेराम और पारंपरिक शानो-शौकत के साथ निकाला गया। इमामबाड़ा स्टेट के सातवें गद्दीनशीन सैय्यद अयान अली शाह ने गद्दी संभालने के बाद पहली बार एहराम पहनकर इस रिवायती जुलूस की कयादत की। मार्ग में जगह-जगह अकीदतमंदों ने फूलों की वर्षा, माल्यार्पण और मिठाई खिलाकर उनका स्वागत किया।
शाही जुलूस इमामबाड़ा स्टेट के पश्चिमी फाटक से रवाना होकर सैय्यद कमाल शहीद, बक्शीपुर, अलीनगर, चारनलाल चौराहा, बेनीगंज और जफराबाजार होते हुए कर्बला मैदान पहुंचा। परंपरा के अनुसार भगवती प्रसाद का जुलूस आगे बढ़ने के बाद मियां साहब का रिवायती जुलूस कर्बला से रवाना होकर घासीकटरा, मिर्जापुर, खूनीपुर और नखास चौक होते हुए इमामबाड़ा स्टेट के दक्षिणी फाटक से वापस परिसर में दाखिल हुआ।
जुलूस में सबसे आगे इस्लामी परचम, शहनाई, आलम, बैंड-बाजा, घोड़े तथा मियां साहब के निजी सिपहसालारों का दस्ता चल रहा था। सुरक्षा के मद्देनजर निजी अंगरक्षक भी तैनात रहे। विभिन्न स्थानों पर स्थित मजारों पर रुककर सैय्यद अयान अली शाह ने फातिहा पढ़ी और देश में अमन-ओ-अमान, भाईचारे तथा खुशहाली की दुआ मांगी।
जुलूस मार्ग पर श्रद्धालुओं का उत्साह देखने योग्य था। कई स्थानों पर लोगों ने फूल बरसाकर और मालाएं पहनाकर मियां साहब का स्वागत किया। बक्शीपुर के मुतवल्ली रिंकू, बाल जागृति के राजीव रस्तोगी, पूर्व पार्षद विश्वनाथ गुप्ता तथा राकेश गुप्ता ने समर्थकों के साथ उनका भव्य इस्तकबाल किया।
मोहर्रम और कर्बला की याद में विभिन्न स्थानों पर सबीलें लगाई गईं, जहां श्रद्धालुओं को शरबत, पानी और बिरयानी वितरित की गई। वक्ताओं ने हजरत इमाम हुसैन और उनके साथियों की कुर्बानी को याद करते हुए बताया कि कर्बला की जंग में पानी बंद कर दिए जाने की स्मृति में हर वर्ष सबीलों का आयोजन किया जाता है।
जुलूस के दौरान जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ साफ-सफाई पर भी विशेष ध्यान दिया गया। माया बाजार के पार्षद समद गुफरान ने स्वयं निगरानी करते हुए सफाई कर्मचारियों की तैनाती सुनिश्चित की।
इस अवसर पर सैय्यद शहाब, इरशाद बग्गी, सैय्यद उमर तबरेज, इमामचौक मुतवल्ली एक्शन कमेटी के अध्यक्ष अब्दुल्लाह, हाजी कलीम अहमद फ़रज़न्द, शकील अंसारी, पार्षद समद गुफरान, पार्षद शहाब अंसारी, टुना भाई, मोहम्मद फैज़ान सहित बड़ी संख्या में अकीदतमंद एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

अन्य खबरें

PHM NEWS Repoter
Copyright © 2024 - 2025 PHM News. All Rights Reserved.