ऑपरेशन के दौरान मौत मामले में डॉक्टर आनंद अग्रवाल की सफाई, बोले— ‘प्रक्रिया के तहत डाला गया था स्पंज, लापरवाही नहीं’ : गोरखपुर जर्नलिस्ट प्रेस क्लब में प्रेस वार्ता, पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद बढ़ा विवाद, पांच लोगों पर मुकदमा दर्ज
गोरखपुर। आनंद लोक हॉस्पिटल में ऑपरेशन के दौरान युवक की मौत के मामले ने तूल पकड़ लिया है। इस प्रकरण में शनिवार को डॉक्टर आनंद कुमार अग्रवाल ने गोरखपुर जर्नलिस्ट प्रेस क्लब में प्रेस वार्ता कर अपनी सफाई पेश की। उन्होंने कहा कि उनके द्वारा इलाज में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं की गई है और मरीज की मौत हार्ट अटैक के कारण हुई।
दरअसल, बीते 1 अप्रैल को 27 वर्षीय अभिषेक मद्धेशिया की ऑपरेशन के दौरान मौत हो गई थी। घटना के बाद परिजनों ने अस्पताल में जमकर हंगामा किया, जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आने के बाद मामला और गंभीर हो गया। रिपोर्ट में दावा किया गया कि मरीज के पेट में तीन स्पंज पाए गए, जिससे अत्यधिक रक्तस्राव हुआ और मौत हो गई। इस खुलासे के बाद पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
प्रेस वार्ता में डॉक्टर आनंद अग्रवाल ने इन आरोपों को लेकर अपनी स्थिति स्पष्ट की। उन्होंने कहा कि ऑपरेशन के दौरान स्पंज का उपयोग एक सामान्य चिकित्सीय प्रक्रिया का हिस्सा होता है, जिसका उद्देश्य रक्तस्राव को नियंत्रित करना होता है। उन्होंने बताया कि संबंधित ऑपरेशन में स्पंज उन्होंने ही डाला था, लेकिन यह एक निर्धारित प्रक्रिया के तहत किया गया था, जिसे बाद में निकाला जाना होता है।
डॉक्टर अग्रवाल ने कहा कि मरीज की हालत ऑपरेशन के दौरान ही गंभीर हो गई थी और उसकी मृत्यु कार्डियक अरेस्ट (हार्ट अटैक) के कारण हुई। उन्होंने यह भी कहा कि अस्पताल या उनकी ओर से किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती गई है और पूरे मामले को गलत तरीके से प्रस्तुत किया जा रहा है।
वहीं, इस पूरे घटनाक्रम के बाद स्वास्थ्य सेवाओं की कार्यप्रणाली और निजी अस्पतालों की जवाबदेही पर सवाल खड़े हो गए हैं। पुलिस द्वारा दर्ज मुकदमे के बाद अब आगे की जांच और कानूनी कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।
अन्य खबरें
गोरखपुर : वाहन टक्कर के बाद महिला से अभद्रता व मारपीट, शाहपुर पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
गोरखपुर न्यूज़गोरखपुर : गोला पुलिस ने लूटकांड का किया खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार, लॉकेट और बाइक बरामद
गोरखपुर न्यूज़गोरखपुर से पौधरोपण महायज्ञ-2026 की शुरुआत करेंगे सीएम योगी : 35 करोड़ पौधरोपण का लक्ष्य
गोरखपुर न्यूज़बांसगांव में सक्रिय हुए पूर्व मंत्री सदल प्रसाद : जनसंपर्क अभियान से बढ़ी राजनीतिक हलचल
गोरखपुर न्यूज़