गोरखपुर में मुख्यमंत्री योगी का जनता दर्शन, 200 लोगों की सुनी समस्याएं : गुरु पूर्णिमा की व्यस्तताओं के बीच भी आयोजित किया जनता दर्शन, करीब 200 लोगों की सुनी समस्याएं; अधिकारियों को त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के दिए निर्देश
रिपोर्ट: विभव पाठक, ब्यूरो चीफ
गोरखपुर, 29 जुलाई। गुरु पूर्णिमा पर्व के धार्मिक अनुष्ठानों की व्यस्तता के बावजूद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार सुबह गोरखनाथ मंदिर में जनता दर्शन आयोजित कर आमजन की समस्याएं सुनीं। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि प्रत्येक व्यक्ति की समस्या का संवेदनशीलता, गंभीरता और समयबद्ध तरीके से समाधान सुनिश्चित किया जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि हर नागरिक की समस्या का समाधान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
गोरखनाथ मंदिर परिसर स्थित महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के बाहर आयोजित जनता दर्शन में मुख्यमंत्री ने करीब 200 लोगों से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात की। वे स्वयं लोगों के बीच पहुंचे और एक-एक कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने सभी को आश्वस्त करते हुए कहा कि किसी भी व्यक्ति को चिंता करने की आवश्यकता नहीं है, सरकार सभी की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
मुख्यमंत्री ने लोगों द्वारा दिए गए प्रार्थना पत्र संबंधित अधिकारियों को सौंपते हुए निर्देश दिया कि प्रत्येक मामले का त्वरित, गुणवत्तापूर्ण और संतोषजनक निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
जनता दर्शन में गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए आर्थिक सहायता की मांग लेकर पहुंचे लोगों को मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि आर्थिक अभाव के कारण किसी भी जरूरतमंद का इलाज नहीं रुकेगा। उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देशित किया कि संबंधित मरीजों के उपचार का इस्टीमेट शीघ्र तैयार कर शासन को भेजा जाए, ताकि समय पर धनराशि जारी कर इलाज प्रारंभ कराया जा सके।
इस दौरान कुछ महिलाएं अपने छोटे बच्चों के साथ भी जनता दर्शन में पहुंचीं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बच्चों को स्नेहपूर्वक आशीर्वाद दिया और उन्हें चॉकलेट भेंट कर उनका उत्साह बढ़ाया।