गोरखपुर न्यूज़
Home / Local / Uttar Pradesh / गोरखपुर
🚨 Breaking News | गोरखपुर

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज करेंगे एस्ट्रोमेडिक्स सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल का उद्घाटन, पूर्वांचल को मिलेगी अत्याधुनिक स्वास्थ्य सुविधा : 125 बेड की अत्याधुनिक सुपर स्पेशियलिटी सुविधा का शुभारंभ आज, पूर्वांचल, बिहार और नेपाल के मरीजों को मिलेगा लाभ

गोरखपुर | 25-Jun-2026 09:29 PM | 47 |
गोरखपुर
125 बेड की अत्याधुनिक सुपर स्पेशियलिटी सुविधा का शुभारंभ आज, पूर्वांचल, बिहार और नेपाल के मरीजों को मिलेगा लाभ

गोरखपुर। पूर्वांचल की स्वास्थ्य सेवाओं को नई दिशा देने जा रहे एस्ट्रोमेडिक्स सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल का उद्घाटन शुक्रवार 26 जून को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे। इस अवसर को लेकर आयोजित प्रेस वार्ता में अस्पताल प्रबंधन की ओर से सीपी चंद और वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. अरुण चन्द्र ने अस्पताल की विशेषताओं और उद्देश्यों की जानकारी दी।
प्रेस वार्ता के दौरान सीपी चंद ने बताया कि इस अस्पताल की स्थापना उनके पिता के उस विचार को साकार करने के लिए की गई है, जिसमें शिक्षा और चिकित्सा को समाज की सबसे बड़ी आवश्यकता माना गया था। उन्होंने कहा कि एस्ट्रोमेडिक्स हॉस्पिटल का उद्देश्य पूर्वांचल, बिहार तथा पड़ोसी देश नेपाल के लोगों को उनके क्षेत्र में ही उच्च स्तरीय और आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
डॉ. अरुण चन्द्र ने बताया कि अस्पताल में अत्याधुनिक तकनीकों और अनुभवी विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम के माध्यम से मरीजों का उपचार किया जाएगा। यहां कार्डियोलॉजी, न्यूरोलॉजी, न्यूरोसर्जरी, नेफ्रोलॉजी, यूरोलॉजी, गैस्ट्रोएंटेरोलॉजी, ऑन्कोलॉजी, ऑर्थोपेडिक्स, जनरल सर्जरी और क्रिटिकल केयर जैसी सुपर स्पेशियलिटी सेवाएं उपलब्ध रहेंगी।
उन्होंने बताया कि 125 बेड क्षमता वाले इस अस्पताल में 24 घंटे इमरजेंसी सेवा, अत्याधुनिक आईसीयू, मॉड्यूलर ऑपरेशन थियेटर, आधुनिक डायग्नोस्टिक सेंटर, फार्मेसी और एम्बुलेंस जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध होंगी। मरीजों और उनके परिजनों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए अस्पताल परिसर में बेहतर व्यवस्थाएं विकसित की गई हैं।
सीपी चंद ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में गोरखपुर स्वास्थ्य सेवाओं का प्रमुख केंद्र बनकर उभरा है। एम्स गोरखपुर और गुरु गोरखनाथ चिकित्सालय के बाद अब एस्ट्रोमेडिक्स हॉस्पिटल क्षेत्र के लोगों के लिए एक और बड़ी सौगात साबित होगा। इससे गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए मरीजों को लखनऊ, दिल्ली या अन्य महानगरों की ओर जाने की आवश्यकता कम होगी।
उन्होंने बताया कि अस्पताल केवल उपचार तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि स्वास्थ्य जागरूकता, रोगों की रोकथाम और समाज के समग्र स्वास्थ्य सुधार के लिए भी विभिन्न कार्यक्रम संचालित करेगा। इस नई स्वास्थ्य पहल से पूर्वांचल के लाखों लोगों को प्रत्यक्ष लाभ मिलने की उम्मीद है।

अन्य खबरें

PHM NEWS Repoter
Copyright © 2024 - 2025 PHM News. All Rights Reserved.