गोरखपुर न्यूज़
Home / Local / Uttar Pradesh / गोरखपुर
🚨 Breaking News | गोरखपुर

भारत विकास परिषद के परिवार मिलन कार्यक्रम में बोलीं कुलपति प्रो. पूनम टंडन : परिवार ही भारतीय संस्कृति की आत्मा

गोरखपुर | 16-Mar-2026 09:39 PM | 47 |
गोरखपुर
परिवार ही भारतीय संस्कृति की आत्मा

गोरखपुर।
भारत विकास परिषद, गोरक्ष प्रांत द्वारा आयोजित परिवार मिलन कार्यक्रम–2026 रविवार को बुद्ध विहार व्यावसायिक क्षेत्र स्थित शिव शक्ति लॉन, तारामंडल में गरिमामय और सांस्कृतिक वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में परिषद के पदाधिकारी, सदस्य और उनके परिवार बड़ी संख्या में शामिल हुए। आयोजन में भारतीय संस्कृति, पारिवारिक एकता और सामाजिक समरसता की सुंदर झलक देखने को मिली।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि प्रो. पूनम टंडन रहीं। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति की सबसे बड़ी शक्ति उसकी पारिवारिक व्यवस्था और संस्कारों की परंपरा है। उन्होंने कहा कि भारत विकास परिषद जैसे संगठन समाज में सेवा, संस्कार और समर्पण की भावना को मजबूत कर सकारात्मक दिशा देने का महत्वपूर्ण कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जब परिवार मजबूत होता है तो समाज और राष्ट्र स्वतः सशक्त बनते हैं।
कार्यक्रम का शुभारंभ मंचासीन अतिथियों के आगमन के साथ हुआ। इस अवसर पर प्रांतीय महिला गतिविधि संयोजक एवं महिला सहभाग प्रमुख श्रीमती नीलम सिंह, प्रांतीय वित्त सचिव विनय कुमार पाण्डेय, प्रांतीय महासचिव दंपति कुमार सिंह तथा प्रांतीय अध्यक्ष डॉ. दिलीप गुप्ता मंच पर उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने दीप प्रज्वलन, बुद्ध पूजन और पुष्पार्पण कर कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन किया। इसके पश्चात उपस्थित लोगों ने सामूहिक रूप से वंदे मातरम् का गायन कर राष्ट्रभक्ति की भावना को व्यक्त किया।
प्रांतीय अध्यक्ष डॉ. दिलीप गुप्ता ने स्वागत उद्बोधन में परिषद की गतिविधियों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि संगठन समाज में संपर्क, सहयोग, संस्कार, सेवा और समर्पण के मूल्यों को सुदृढ़ करने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि परिवार मिलन कार्यक्रम परिषद के सदस्यों के बीच आत्मीयता और संगठनात्मक एकता को मजबूत करने का महत्वपूर्ण माध्यम है।
इसके पश्चात गणेश वंदना की प्रस्तुति ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया। कार्यक्रम के अगले क्रम में प्रांतीय महासचिव दंपति कुमार सिंह ने परिषद का विस्तृत परिचय प्रस्तुत करते हुए संगठन की सेवा गतिविधियों और सामाजिक योगदान पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम संयोजक सतीश रंजन ने विषय स्थापना करते हुए कहा कि परिषद का उद्देश्य समाज में भारतीय संस्कृति और संस्कारों की ज्योति को प्रज्वलित रखना है। उन्होंने कहा कि परिवार मिलन जैसे आयोजन समाज में प्रेम, आत्मीयता और सहयोग की भावना को मजबूत करते हैं।
सांस्कृतिक चरण में डॉ. प्रियंका श्रीवास्तव, आशीष श्रीवास्तव और वीरेश राय के निर्देशन में आकर्षक प्रस्तुतियां दी गईं, जिन्हें उपस्थित लोगों ने खूब सराहा। इस अवसर पर प्रदीप मिश्र और डॉ. प्रतिभा गुप्ता की उपस्थिति ने आयोजन की गरिमा को और बढ़ा दिया।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न प्रतियोगिताओं और गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार वितरित कर सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि प्रो. पूनम टंडन ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज में सकारात्मक ऊर्जा और सांस्कृतिक चेतना का संचार करते हैं।
अंत में आयोजन समिति के सदस्य एवं गोरक्ष क्षेत्र के अध्यक्ष शंभू नाथ तिवारी ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत करते हुए कार्यक्रम की सफलता में सहयोग देने वाले सभी पदाधिकारियों, सदस्यों और उपस्थित जनों के प्रति आभार व्यक्त किया। पूरे आयोजन ने परिषद के मूल मंत्र “संपर्क, सहयोग, संस्कार, सेवा और समर्पण” को जीवंत रूप में प्रस्तुत करते हुए समाज में एकता, संस्कृति और सेवा भाव का सशक्त संदेश दिया।

अन्य खबरें

KIRORI MAL KA HATA, SUMER SAGAR, GORAKHPUR
Copyright © 2024 - 2025 PHM News. All Rights Reserved.