आकाशवाणी गोरखपुर में हंगामा, BJP नेता पर सिक्योरिटी गार्ड का हमला : आकाशवाणी गोरखपुर परिसर में मंगलवार को बड़ा विवाद, सुरक्षा कर्मी ने भाजपा नगर उपाध्यक्ष बृजेश मिश्रा की पिटाई की, पुलिस ने आरोपी को पकड़ा।
गोरखपुर। आकाशवाणी परिसर में मंगलवार को उस समय हंगामा मच गया जब ड्यूटी पर तैनात सिक्योरिटी गार्ड ने भाजपा नगर उपाध्यक्ष बृजेश मिश्रा पर हमला कर दिया। यह घटना उस वक्त हुई जब पीटीआई के पत्रकार सुनय पाण्डेय दीपोत्सव की तैयारियों पर बाइट लेने के लिए परिसर में पहुंचे थे। इससे पहले उन्होंने फोन पर नगर उपाध्यक्ष से बातचीत कर उनकी मौजूदगी की पुष्टि की थी।
जैसे ही पत्रकार पहुंचा, उसी दौरान किसी बात को लेकर सिक्योरिटी गार्ड देव भूषण सिंह और भाजपा नेता के बीच कहासुनी हो गई। विवाद इतना बढ़ा कि गार्ड ने अचानक हाथापाई शुरू करते हुए बृजेश मिश्रा को धक्का दे दिया और गेट के अंदर बंद कर मारपीट करने लगा। यह देख परिसर में मौजूद लोग दहशत में आ गए और अफरा-तफरी फैल गई।
पत्रकार ने तत्काल घटना की सूचना नगर निगम चौकी प्रभारी दीपशिखा सिंह को दी। सूचना मिलते ही सीओ कोतवाली ओमकार दत्त तिवारी, कोतवाली थाना प्रभारी इंस्पेक्टर छत्रपाल सिंह समेत पुलिस बल मौके पर पहुंचा, लेकिन आरोप है कि सिक्योरिटी गार्ड ने गेट खोलने से इंकार कर दिया। काफी समझाने-बुझाने और सख्ती के बाद गेट खोला गया।
इधर घटना की खबर फैलते ही नगर निगम के पार्षदों, स्थानीय भाजपा कार्यकर्ताओं और पत्रकारों का जमावड़ा लग गया। मामला भाजपा नगर उपाध्यक्ष से जुड़ा होने के कारण माहौल और गर्म हो गया। महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव भी तुरंत मौके पर पहुंचे और घटना की कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा कि आकाशवाणी जैसा संस्थान अनुशासन और मर्यादा का प्रतीक माना जाता है, लेकिन यहां एक सुरक्षा कर्मी द्वारा इस तरह की हरकत बेहद निंदनीय है।
पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर आरोपी सिक्योरिटी गार्ड को गिरफ्तार कर लिया। वहीं घायल बृजेश मिश्रा को जिला अस्पताल ले जाकर प्राथमिक उपचार कराने के साथ मेडिकल परीक्षण भी करवाया गया।
सीओ कोतवाली ओमकार दत्त तिवारी ने बताया कि भाजपा नगर उपाध्यक्ष की तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है और संस्थान की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी समीक्षा की जाएगी।
इस घटना ने जहां आकाशवाणी परिसर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं, वहीं पत्रकारों और जनप्रतिनिधियों की सुरक्षा को लेकर भी बहस छिड़ गई है। फिलहाल पुलिस आरोपी को जेल भेजने की तैयारी में है और मामले की जांच जारी है।
अन्य खबरें
गोरखपुर : वाहन टक्कर के बाद महिला से अभद्रता व मारपीट, शाहपुर पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
गोरखपुर न्यूज़गोरखपुर : गोला पुलिस ने लूटकांड का किया खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार, लॉकेट और बाइक बरामद
गोरखपुर न्यूज़गोरखपुर से पौधरोपण महायज्ञ-2026 की शुरुआत करेंगे सीएम योगी : 35 करोड़ पौधरोपण का लक्ष्य
गोरखपुर न्यूज़बांसगांव में सक्रिय हुए पूर्व मंत्री सदल प्रसाद : जनसंपर्क अभियान से बढ़ी राजनीतिक हलचल
गोरखपुर न्यूज़