ऑपरेशन प्रहार: मसूरी पुलिस ने गांजा तस्करी के वांछित आरोपी को दबोचा : आरोपी काफी समय से फरार चल रहा था
गाजियाबाद। कमिश्नरेट गाजियाबाद में नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे "ऑपरेशन प्रहार" के तहत थाना मसूरी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर अवैध गांजा तस्करी में वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी काफी समय से फरार चल रहा था।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान रिहान पुत्र फरमान निवासी मोहल्ला तारापुरी, थाना लिसाड़ी गेट, मेरठ (वर्तमान पता-पिपलेड़ा, थाना धौलाना, जनपद हापुड़) के रूप में हुई है। उसे थाना मसूरी क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने बताया कि इससे पहले 18 जुलाई 2026 को इसी मामले में आरोपी दानिश को गिरफ्तार किया गया था। उसके कब्जे से 5 किलो 640 ग्राम अवैध गांजा तथा तस्करी में प्रयुक्त एक कार बरामद की गई थी। इस संबंध में थाना मसूरी में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20/29 के तहत मुकदमा दर्ज है।
पूछताछ में रिहान ने खुलासा किया कि वह अपने साथी दानिश के साथ मिलकर दिल्ली और अन्य राज्यों से अवैध गांजा लाकर उसकी छोटी-छोटी पुड़िया बनाकर राहगीरों और स्थानीय लोगों को बेचता था। इस अवैध कारोबार से दोनों मोटा मुनाफा कमाते थे।
थाना मसूरी पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं उसके अन्य आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है।