गाजियाबाद न्यूज़
Home / Local / Uttar Pradesh / गाजियाबाद
🚨 Breaking News | गाजियाबाद

Ghaziabad News : थाना निवाड़ी पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ : ट्रांसफार्मर चोरी करने वाला एक घायल, चार अन्य गिरफ्तार

गाजियाबाद | 12-Nov-2025 12:14 AM | 11 |
गाजियाबाद
ट्रांसफार्मर चोरी करने वाला एक घायल, चार अन्य गिरफ्तार

पुलिस कमिश्नरेट गाजियाबाद के थाना निवाड़ी क्षेत्र में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। ग्राम खिंदौड़ा से बिजली ट्रांसफार्मर चोरी करने वाले गिरोह के पांच सदस्यों में से एक बदमाश पुलिस मुठभेड़ में घायल हो गया, जबकि चार अन्य को पुलिस ने कॉम्बिंग के दौरान गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से भारी मात्रा में चोरी का सामान, अवैध असलहे और धारदार हथियार बरामद किए गए।

जानकारी के अनुसार, थाना निवाड़ी पुलिस टीम 11 नवंबर को खिंदौड़ा पुल के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम खिंदौड़ा से विद्युत ट्रांसफार्मर चोरी करने वाले आरोपी बंबा पुल से धौलड़ी रोड स्थित एक बाग में छिपे हुए हैं और उनके पास असलहे भी हैं। सूचना पर अतिरिक्त फोर्स बुलाकर पुलिस टीम ने बाग में घेराबंदी की। अपने आप को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस पार्टी पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने आत्मरक्षा में फायर किया, जिससे एक बदमाश के पैर में गोली लग गई।

घायल आरोपी की पहचान पप्पू पुत्र विष्णु रावत निवासी ग्राम बिशनपुर, जिला कटक (उड़ीसा), हाल निवासी ग्राम सिहानी, थाना नंदग्राम के रूप में हुई। पूछताछ में पप्पू ने बताया कि उसके साथ चार अन्य साथी — आशु, हसीन, बलराज और जसवीर — मौके से भाग निकले थे। बाद में पुलिस की कॉम्बिंग के दौरान चारों को भी गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 9 किलो तांबे की तार, विद्युत लाइन का एल्युमिनियम तार का बंडल, चोरी के उपकरण, स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल, दो तमंचे 315 बोर, तीन जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस और तीन अवैध चाकू बरामद किए हैं। घायल पप्पू को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने कुछ दिन पूर्व खिंदौड़ा गांव से ट्रांसफार्मर काटकर तांबे की तार चोरी की थी। गिरफ्तार बदमाशों में कई के खिलाफ लूट, चोरी, डकैती, हत्या के प्रयास और आयुध अधिनियम जैसे गंभीर अपराधों में मुकदमे दर्ज हैं।

पुलिस कमिश्नरेट ने बताया कि सभी अभियुक्तों के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है तथा उनके आपराधिक इतिहास की गहराई से जांच जारी है। इस सफलता के लिए थाना निवाड़ी पुलिस टीम की सराहना की जा रही है।

अन्य खबरें

PHM NEWS Repoter
Copyright © 2024 - 2025 PHM News. All Rights Reserved.