PHM NEWS

जनभावना का सम्मान

प्रकाशित: 20 Jun 2026

जनभावना का सम्मान : माउंट आबू अब 'आबूराज' के नाम से जाना जाएगा, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने किया लोकार्पण

रिपोर्ट@अनीश मेमन PHM NEWS | सिरोही, राजस्थान

सिरोही,20 जून। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि प्रदेश की डबल इंजन सरकार विकास के साथ-साथ राजस्थान की सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक विरासत के संरक्षण और संवर्धन के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि जनभावनाओं और संत समाज की लंबे समय से चली आ रही मांग के अनुरूप माउंट आबू का पारंपरिक नाम 'आबूराज' पुनः स्थापित किया गया है।

मुख्यमंत्री शनिवार को सिरोही जिले के आबूराज में आयोजित धन्यवाद सभा एवं संत समागम को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने 74 करोड़ रुपये से अधिक लागत के 41 विकास कार्यों का शिलान्यास एवं लोकार्पण भी किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आबूराज केवल नाम परिवर्तन नहीं है, बल्कि यह क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत, जनआस्था और ऐतिहासिक पहचान के सम्मान का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पर्यटन, आधारभूत सुविधाओं और जनकल्याण के क्षेत्र में आबूराज को नई पहचान दिलाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने 37.50 करोड़ रुपये से अधिक लागत के 16 विकास कार्यों का लोकार्पण किया, जबकि 36.55 करोड़ रुपये से अधिक लागत के 25 विकास कार्यों का शिलान्यास किया। इनमें पुलिस एवं प्रशासनिक भवन, उप स्वास्थ्य केंद्र, छात्रावास भवन, बस स्टैंड और विभिन्न सड़क निर्माण कार्य शामिल हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के "विरासत भी, विकास भी" के मूलमंत्र के साथ देश आगे बढ़ रहा है और इसी भावना के अनुरूप सांस्कृतिक विरासत को सम्मान देते हुए विकास कार्यों को गति दी जा रही है।

उन्होंने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले कार्यक्रम का भी उल्लेख करते हुए कहा कि योग भारत की प्राचीन और महान विरासत है, जिसे जन-जन तक पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है।

इस अवसर पर पंचायतीराज राज्य मंत्री ओटा राम देवासी, उद्योग एवं वाणिज्य राज्य मंत्री के.के. विश्नोई, सांसद मदन राठौड़, सांसद लुम्बाराम चौधरी, विधायक समाराम, महंत प्रतापपुरी सहित बड़ी संख्या में संत, श्रद्धालु एवं आमजन उपस्थित रहे।