लखीमपुर खीरी में तेंदुए का हमला,पूर्व प्रधान गंभीर रूप से घायल : हिंसक वन्य जीव के हमले से पूर्व प्रधान घायल
लखीमपुर खीरी। जिले के शारदा नगर वन रेंज अंतर्गत नकहा चौकी क्षेत्र में रविवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक तेंदुए ने खेत पर काम कर रहे पूर्व प्रधान पर हमला कर दिया। अचानक हुए इस हमले से ग्रामीणों में दहशत फैल गई।
जानकारी के मुताबिक, अशोगापुर निवासी और केवलपुरवा के पूर्व प्रधान मोतीलाल सुबह खेत का निरीक्षण करने सहिजनी और मझरा के बीच पहुंचे थे। इसी दौरान झाड़ियों में छिपे तेंदुए ने उन पर झपट्टा मार दिया। हमले में मोतीलाल गंभीर रूप से घायल हो गए। उनकी चीख-पुकार सुनकर आस-पास मौजूद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और साहस दिखाते हुए घायल को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नकहा पहुँचाया।
स्वास्थ्य केंद्र के डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत नाजुक देखते हुए उन्हें ओयल स्थित ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही नकहा चौकी प्रभारी गौरव कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। साथ ही, वन विभाग को भी सूचना दी गई। वन दरोगा सतीश कुमार ने बताया कि टीम मौके पर भेजी गई है और तेंदुए की तलाश जारी है।
ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में आए दिन जंगली जानवरों की आवाजाही होती रहती है, जिससे लोग दहशत में रहते हैं। उनका कहना है कि प्रशासन और वन विभाग को ग्रामीण इलाकों में गश्त बढ़ानी चाहिए और हिंसक जानवरों को सुरक्षित स्थान पर छोड़ा जाना चाहिए।
यह घटना एक बार फिर मानव और वन्य जीवों के बीच बढ़ते संघर्ष को उजागर करती है। विशेषज्ञ मानते हैं कि ऐसे मामलों से निपटने के लिए दीर्घकालिक रणनीति और ठोस कदम उठाना बेहद जरूरी है, ताकि ग्रामीण निडर होकर अपनी खेती-किसानी कर सकें।
अन्य खबरें
बाढ़ पीड़ितों के मसीहा बने डॉ. कौशल वर्मा : राहत किट और फ्री दवाइयों से सैकड़ों परिवारों को मिली राहत
लखीमपुर खीरी न्यूज़