झालावाड़ न्यूज़
Home / Local / Uttar Pradesh / झालावाड़
🚨 Breaking News | झालावाड़

उन्हेल नागेश्वर में विशाल हिंदू सम्मेलन : भव्य रैली से कस्बा हुआ भगवामय

झालावाड़ | 02-Feb-2026 05:10 PM | 384 |
झालावाड़
भव्य रैली से कस्बा हुआ भगवामय

उन्हेल नागेश्वर में विशाल हिंदू सम्मेलन
भव्य रैली के साथ हुआ आयोजन, कस्बा हुआ भगवामय

झालावाड़ जिले के गंगधार उपखंड क्षेत्र के उन्हेल नागेश्वर में सोमवार को विशाल हिंदू सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन के तहत भव्य रैली निकाली गई, जिसने पूरे कस्बे को धर्ममय वातावरण से सराबोर कर दिया।
रैली का शुभारंभ उन्हेल कस्बे के तीन बत्ती चौराहे से हुआ, जो विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए वाड़ी परिसर पहुंचकर संपन्न हुई। रैली के दौरान कस्बे में जगह-जगह पुष्प वर्षा कर श्रद्धालुओं का स्वागत किया गया।
रैली में आकर्षक झांकियां, भगवा धारी घुड़सवार, डीजे, ढोल-तासे और केसरिया परिधान में सजे बांकुरे विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं कार्यकर्ता केसरिया ध्वज हाथों में लेकर शामिल हुए, जिससे पूरा क्षेत्र भगवामय नजर आया। रैली में मातृशक्ति ने भी जोश और उत्साह के साथ भागीदारी निभाई।
वाड़ी परिसर में हुआ मुख्य आयोजन
रैली के वाड़ी परिसर पहुंचने पर मुख्य अतिथि स्वामी मधुसूदनानंद महाराज का कार्यकर्ताओं द्वारा माल्यार्पण कर स्वागत किया गया। स्वामी मधुसूदनानंद महाराज ने भारत माता के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर हनुमान चालीसा के पाठ के साथ कार्यक्रम की शुरुआत की।
अपने संबोधन में उन्होंने सामाजिक समरसता, हिंदू एकता और राष्ट्र निर्माण में समाज की भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि शास्त्र के साथ-साथ शस्त्र का ज्ञान भी आवश्यक है। इस अवसर पर श्रद्धालुओं को 1100 रुद्राक्ष का वितरण किया गया।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियां रहीं आकर्षण
कार्यक्रम में नागेश्वर पब्लिक स्कूल, उन्हेल की बालिकाओं द्वारा “आरंभ है प्रचंड है” पर आकर्षक प्रस्तुति दी गई। इसके साथ ही आदिवासी संस्कृति पर आधारित “जंगल रखवाला” विषय पर प्रस्तुति भी दी गई, जिसे उपस्थित जनसमूह ने सराहा। सम्मेलन मंच संचालन दिग्गविजय सिंह ओर उद्बोधन मुख्य वक्ता गुजरात सिंह भील सह संगठन मंत्री राजस्थान वनवासी कल्याण परिषद द्वारा किया गया।
समापन पर महाआरती व समरसता भोज
कार्यक्रम के समापन पर भारत माता की महाआरती की गई तथा सामूहिक हनुमान चालीसा का पाठ हुआ। इसके पश्चात समरसता भोज का आयोजन किया गया, जिसमें सभी वर्गों के लोगों ने सहभागिता निभाई।
सुरक्षा के रहे पुख्ता इंतजाम
सम्मेलन एवं रैली के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर उन्हेल थाना प्रभारी रामकरण कटारिया पुलिस जाप्ते के साथ मौजूद रहे। आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु सम्मेलन में शामिल हुए।

अन्य खबरें

KIRORI MAL KA HATA, SUMER SAGAR, GORAKHPUR
Copyright © 2024 - 2025 PHM News. All Rights Reserved.