झालावाड़ न्यूज़
Home / Local / Uttar Pradesh / झालावाड़
🚨 Breaking News | झालावाड़

चौमहला में फर्जी डॉक्टर के नाम से चल रहा हॉस्पिटल सील : चिकित्सा विभाग की बड़ी कार्रवाई

झालावाड़ | 13-Mar-2026 02:48 PM | 384 |
झालावाड़
चिकित्सा विभाग की बड़ी कार्रवाई

गंगधार झालावाड़


मप्र के डॉक्टर के नाम पर फर्जीवाड़ा कर चल रहा था हॉस्पिटल, चिकित्सा विभाग ने किया सील
भाजपा के दिग्गज नेताओं ने फीता काटकर किया था अस्पताल का उद्घाटन


चौमहला. झालावाड़ जिले के चौमहला कस्बे में मध्यप्रदेश के एक डॉक्टर के नाम का फर्जी उपयोग कर अस्पताल संचालित किए जाने का मामला सामने आया है। शिकायत मिलने पर चिकित्सा विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर अस्पताल को सील कर दिया।
ब्लॉक चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजकुमार वाघेला ने बताया कि सीएमएचओ डॉ. साजिद खान को मध्यप्रदेश के डॉ. एसआर चौहान की ओर से शिकायत मिली थी। शिकायत में बताया गया था कि चौमहला में मां पीतांबरा मल्टी स्पेशलिटी हॉस्पिटल नाम से अस्पताल संचालित किया जा रहा है, जिसमें उनके नाम का जबरन उपयोग किया जा रहा है, जबकि अस्पताल से उनका कोई संबंध नहीं है।
शिकायत के आधार पर सीएमएचओ के निर्देश पर ब्लॉक चिकित्सा अधिकारी के नेतृत्व में गठित टीम अस्पताल पहुंची। टीम के पहुंचते ही अस्पताल प्रबंधक मौके से फरार हो गया, वहीं मौजूद नर्सिंगकर्मी भी टीम को देखकर भाग निकले।
निरीक्षण के दौरान अस्पताल के दस्तावेजों की जांच की गई, लेकिन अस्पताल संचालन के लिए आवश्यक अनुमति और दस्तावेज नहीं पाए गए। साथ ही नियमानुसार लैब, मेडिकल सुविधाएं और योग्य चिकित्साकर्मी भी मौजूद नहीं मिले।
बताया गया कि अस्पताल का संचालन डॉ. कुलदीप और डॉ. मुल्तानी द्वारा किया जा रहा था, जो मौके से फरार मिले। ऐसे में चिकित्सा विभाग की टीम ने अस्पताल को सील कर दिया।
कार्रवाई के दौरान मौके पर गंगधार तहसीलदार और पुलिस जाप्ता भी मौजूद रहा। टीम द्वारा निरीक्षण रिपोर्ट तैयार कर सीएमएचओ को भेजी जाएगी, जिसके बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
चिकित्सा विभाग ने चेतावनी दी है कि बिना डिग्री और नियमों के विरुद्ध संचालित चिकित्सा संस्थानों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।

 

अन्य खबरें

KIRORI MAL KA HATA, SUMER SAGAR, GORAKHPUR
Copyright © 2024 - 2025 PHM News. All Rights Reserved.