गोरखपुर न्यूज़
Home / Local / Uttar Pradesh / गोरखपुर
🚨 Breaking News | गोरखपुर

गोरखपुर: सेंट एंड्रयूज कॉलेज में शिक्षकों के निष्कासन पर बवाल, छात्रों ने 8 अगस्त को महाआंदोलन का ऐलान : छात्रों ने शिक्षकों के निष्कासन, बी.एड. विभाग में कथित अनियमितताओं, स्किल सेंटर बंद किए जाने और शैक्षणिक संकट को लेकर प्रशासन को 7 अगस्त तक का अल्टीमेटम दिया।

गोरखपुर | 05-Aug-2026 10:23 PM | 47 |
गोरखपुर
छात्रों ने शिक्षकों के निष्कासन, बी.एड. विभाग में कथित अनियमितताओं, स्किल सेंटर बंद किए जाने और शैक्षणिक संकट को लेकर प्रशासन को 7 अगस्त तक का अल्टीमेटम दिया।

विभव पाठक, ब्यूरो चीफ
गोरखपुर। सेंट एंड्रयूज कॉलेज (पीजी), गोरखपुर में नई प्राचार्या के कार्यभार संभालने के बाद उत्पन्न शैक्षणिक विवाद अब आंदोलन की ओर बढ़ता नजर आ रहा है। छात्र संयुक्त संघर्ष समिति ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर 8 अगस्त को महाविद्यालय परिसर में महाआंदोलन करने की घोषणा की है। छात्रों का आरोप है कि कॉलेज प्रशासन ने शिक्षकों के निष्कासन, बी.एड. विभाग में कथित अनियमितताओं, 18 वर्ष पुराने क्रिएटिव आर्ट एंड इनोवेटिव सेंटर (स्किल सेंटर) को बंद करने और अन्य शैक्षणिक निर्णयों से छात्रों के भविष्य को संकट में डाल दिया है।
प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, वर्तमान प्राचार्या प्रो. रैना निवेदिता सैमुअल के कार्यभार ग्रहण करने के बाद 20 जुलाई को दर्शनशास्त्र विभाग के डॉ. विकास कुमार सरकार को सेवा समाप्ति का नोटिस दिया गया। इसके बाद 1 अगस्त को विभिन्न विभागों के 16 से अधिक शिक्षकों के नाम उपस्थिति रजिस्टर से हटाकर उन्हें अध्यापन कार्य से रोक दिया गया। 3 अगस्त को छात्रों ने इन शिक्षकों की बहाली की मांग को लेकर प्राचार्या को ज्ञापन भी सौंपा, लेकिन समिति का आरोप है कि कोई सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई।
छात्रों का कहना है कि हटाए गए शिक्षकों के मार्गदर्शन में छात्रों का परीक्षा परिणाम बेहतर रहा है, जबकि वर्तमान में नियुक्त शिक्षकों के अनुभव को लेकर छात्रों में असंतोष है। विज्ञप्ति में विभिन्न विभागों के 18 शिक्षकों के निष्कासन का दावा किया गया है।
इसके अलावा बी.एड. विभाग में एक शिक्षिका की नियुक्ति को लेकर भी गंभीर आरोप लगाए गए हैं। समिति का दावा है कि संबंधित शिक्षिका के पास आवश्यक योग्यता नहीं है और उन्हें नियमों के विपरीत पुनः अध्यापन कार्य सौंपा गया है।
छात्रों ने यह भी आरोप लगाया कि 18 वर्षों से संचालित क्रिएटिव आर्ट एंड इनोवेटिव सेंटर को बिना किसी लिखित आदेश के मौखिक निर्देश के आधार पर बंद कर दिया गया। उनका कहना है कि केवल फीस वापस करना समाधान नहीं है, बल्कि विभाग को पुनः शुरू किया जाना चाहिए ताकि विद्यार्थियों का कौशल विकास प्रभावित न हो।
छात्र संयुक्त संघर्ष समिति ने कॉलेज प्रशासन को 7 अगस्त 2026 तक निष्कासित शिक्षकों की बहाली और स्किल सेंटर को पुनः शुरू करने का अल्टीमेटम दिया है। समिति ने कहा है कि 7 अगस्त को अंतिम ज्ञापन सौंपा जाएगा। यदि मांगें नहीं मानी गईं तो 8 अगस्त को महाविद्यालय परिसर में व्यापक छात्र आंदोलन किया जाएगा।

अन्य खबरें

PHM NEWS Repoter
Copyright © 2024 - 2025 PHM News. All Rights Reserved.