गोरखपुर न्यूज़
Home / Local / Uttar Pradesh / गोरखपुर
🚨 Breaking News | गोरखपुर

शाही ग्लोबल हॉस्पिटल ने सीनियर सिटीजन केयर सेंटर में लगाया निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर : विशेषज्ञ चिकित्सकों ने वरिष्ठ नागरिकों का स्वास्थ्य परीक्षण कर दिया परामर्श

गोरखपुर | 18-Jul-2026 09:35 PM | 47 |
गोरखपुर
विशेषज्ञ चिकित्सकों ने वरिष्ठ नागरिकों का स्वास्थ्य परीक्षण कर दिया परामर्श

गोरखपुर। गोरखपुर क्लब के सामने तथा पंडित दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के निकट स्थित सीनियर सिटीजन केयर सेंटर में शनिवार को शाही ग्लोबल हॉस्पिटल, तारामंडल द्वारा निःशुल्क स्वास्थ्य जांच एवं स्वास्थ्य जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में वरिष्ठ नागरिकों का विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा उन्हें आवश्यक परामर्श और दवाइयां भी उपलब्ध कराई गईं।

गोरखपुर नगर निगम द्वारा संचालित यह अत्याधुनिक सीनियर सिटीजन केयर सेंटर शहर के बुजुर्गों के लिए एक महत्वपूर्ण सामाजिक पहल है। यहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में वरिष्ठ नागरिक दिनभर समय व्यतीत करने के लिए आते हैं और शाम को अपने घर लौट जाते हैं। केंद्र में योग, भजन-कीर्तन, कैरम, बोर्ड गेम्स, टेबल टेनिस, पुस्तकालय सहित विभिन्न मनोरंजक एवं स्वास्थ्यवर्धक गतिविधियों की सुविधाएं उपलब्ध हैं, जिससे बुजुर्गों का समय सक्रिय, स्वस्थ और आनंदमय वातावरण में बीतता है।

विशेषज्ञों का मानना है कि सेवानिवृत्ति के बाद कई वरिष्ठ नागरिक अकेलेपन और मानसिक तनाव का सामना करते हैं। ऐसे में यह केंद्र उन्हें सामाजिक जुड़ाव, मानसिक सुकून और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का अवसर प्रदान कर रहा है। यह पहल मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के वरिष्ठ नागरिकों के सम्मानपूर्ण और सुरक्षित जीवन के संकल्प को भी मजबूती प्रदान करती है।

शिविर के दौरान शाही ग्लोबल हॉस्पिटल के चिकित्सकों ने वरिष्ठ नागरिकों का स्वास्थ्य परीक्षण किया, उन्हें विभिन्न बीमारियों से बचाव के उपाय बताए तथा आवश्यकता के अनुसार निःशुल्क दवाइयों का वितरण भी किया।

इस अवसर पर शाही ग्लोबल हॉस्पिटल के निदेशक डॉ. शिव शंकर शाही ने कहा कि वरिष्ठ नागरिक समाज की अमूल्य धरोहर हैं। उन्होंने अपने जीवन का बड़ा हिस्सा देश और समाज की सेवा में समर्पित किया है, इसलिए अब समाज का दायित्व है कि उनके स्वास्थ्य और सम्मान का पूरा ध्यान रखा जाए।

उन्होंने घोषणा की कि कोई भी वरिष्ठ नागरिक शाही ग्लोबल हॉस्पिटल में बिना पूर्व अपॉइंटमेंट और बिना किसी परामर्श शुल्क के सीधे विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श ले सकता है। आवश्यकता पड़ने पर उनके उपचार में भी हरसंभव सहयोग प्रदान किया जाएगा।

कार्यक्रम में डॉ. शिव शंकर शाही, डॉ. सीमा शाही, वरिष्ठ स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. बाल गोविंद सिंह, डीएम कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. राजू केथावत, डीएम न्यूरोलॉजिस्ट डॉ. त्र्यम्बक पांडेय, वरिष्ठ फिजियोथेरेपिस्ट डॉ. सौरव सिंह सहित शाही ग्लोबल हॉस्पिटल के चिकित्सक, तकनीशियन एवं अन्य स्टाफ उपस्थित रहे।

स्वास्थ्य शिविर वरिष्ठ नागरिकों के प्रति सम्मान, सेवा और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना का प्रेरणादायी उदाहरण बना।

अन्य खबरें

KIRORI MAL KA HATA, SUMER SAGAR, GORAKHPUR
Copyright © 2024 - 2025 PHM News. All Rights Reserved.