गोरखपुर न्यूज़
Home / Local / Uttar Pradesh / गोरखपुर
🚨 Breaking News | गोरखपुर

डीडीयू गोरखपुर विश्वविद्यालय के चीफ वार्डेन नियुक्त हुए प्रो. अजय कुमार शुक्ला : 28 वर्षों के अनुभव वाले प्रो. शुक्ला को मिली महत्वपूर्ण जिम्मेदारी

गोरखपुर | 09-Jun-2026 08:01 PM | 47 |
गोरखपुर
28 वर्षों के अनुभव वाले प्रो. शुक्ला को मिली महत्वपूर्ण जिम्मेदारी

गोरखपुर। दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के अंग्रेजी विभाग के वरिष्ठ आचार्य प्रो. अजय कुमार शुक्ला को विश्वविद्यालय के सभी छात्रावासों का चीफ वार्डेन (मुख्य अभिक्षक) नियुक्त किया गया है। उनकी नियुक्ति से विश्वविद्यालय के छात्रावास प्रशासन को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने की उम्मीद जताई जा रही है।
प्रो. अजय कुमार शुक्ला लगभग 28 वर्षों के शैक्षणिक एवं प्रशासनिक अनुभव से समृद्ध हैं। अपने लंबे सेवाकाल में उन्होंने विश्वविद्यालय की विभिन्न शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं प्रशासनिक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाई है। उनके अनुभव और नेतृत्व क्षमता को देखते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन ने उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है।
प्रो. शुक्ला इससे पूर्व लंबे समय तक एन.सी. छात्रावास के वार्डेन तथा कबीर छात्रावास के अधीक्षक के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। छात्रावास प्रशासन में उनके कार्यकाल को अनुशासन, पारदर्शिता, छात्र हितों के संरक्षण तथा प्रभावी प्रबंधन के लिए विशेष रूप से सराहा गया था। छात्रावासों में बेहतर व्यवस्था बनाए रखने तथा विद्यार्थियों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए उनकी कार्यशैली को सदैव सकारात्मक रूप में देखा गया है।
वर्तमान में वे विश्वविद्यालय के अंग्रेजी विभाग में आचार्य के पद पर कार्यरत हैं और अपने विषय के साथ-साथ प्रशासनिक दायित्वों का भी कुशलतापूर्वक निर्वहन करते रहे हैं। विश्वविद्यालय की विभिन्न समितियों एवं आयोजनों में भी उनकी सक्रिय सहभागिता रही है।
विश्वविद्यालय परिवार के शिक्षकों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों ने उनकी नियुक्ति पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी है। सभी ने विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में छात्रावासों की व्यवस्थाएं और अधिक सुदृढ़ होंगी तथा विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक एवं आवासीय वातावरण उपलब्ध होगा।
प्रो. शुक्ला ने अपनी नियुक्ति पर विश्वविद्यालय प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे छात्र हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए छात्रावासों में अनुशासन, सुरक्षा और सुविधाओं को और बेहतर बनाने का प्रयास करेंगे।

अन्य खबरें

PHM NEWS Repoter
Copyright © 2024 - 2025 PHM News. All Rights Reserved.