गोरखपुर न्यूज़
Home / Local / Uttar Pradesh / गोरखपुर
🚨 Breaking News | गोरखपुर

गोरखपुर: एनडीआरएफ ने एनसीसी कैडेट्स को दिया आपदा प्रबंधन और बचाव कार्यों का प्रशिक्षण : बाढ़, भूकंप, अग्निकांड और अन्य आपदाओं से निपटने का दिया व्यावहारिक प्रशिक्षण

गोरखपुर | 07-Jun-2026 08:00 PM | 47 |
गोरखपुर
बाढ़, भूकंप, अग्निकांड और अन्य आपदाओं से निपटने का दिया व्यावहारिक प्रशिक्षण

गोरखपुर। केंद्रीय विद्यालय संख्या-2, उनौला में 45 यूपी बटालियन एनसीसी द्वारा आयोजित वार्षिक प्रशिक्षण शिविर-155 के अंतर्गत शनिवार को एनडीआरएफ (राष्ट्रीय आपदा मोचन बल) की टीम ने कैडेट्स को आपदा प्रबंधन, राहत एवं बचाव कार्यों का व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया। प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को प्राकृतिक और मानवजनित आपदाओं के दौरान प्रभावी ढंग से कार्य करने के लिए तैयार करना था।
कार्यक्रम में एनडीआरएफ के इंस्पेक्टर दीपक मंडल एवं उनकी टीम के पांच सदस्यों ने कैडेट्स को विभिन्न प्रकार की आपदाओं से निपटने के उपायों की जानकारी दी। उन्होंने बाढ़, भूकंप, चक्रवात, सुनामी, भूस्खलन, अग्निकांड, भवन ध्वस्त होने और रासायनिक दुर्घटनाओं जैसी परिस्थितियों में अपनाई जाने वाली राहत एवं बचाव प्रक्रियाओं का विस्तार से प्रदर्शन किया। प्रशिक्षण के दौरान कैडेट्स को प्राथमिक उपचार, सुरक्षित निकासी, आपदा के समय संचार व्यवस्था और आपातकालीन प्रतिक्रिया के महत्व से भी अवगत कराया गया।
इस अवसर पर कैंप कमांडेंट कर्नल जयवीर सिंह ने कहा कि एनडीआरएफ देश की सबसे महत्वपूर्ण आपदा प्रबंधन संस्थाओं में से एक है, जो संकट की घड़ी में लोगों के जीवन और संपत्ति की रक्षा के लिए समर्पित भाव से कार्य करती है। उन्होंने कहा कि आपदा के समय एनडीआरएफ के जवान अपनी दक्षता, साहस और सेवा भावना के बल पर राहत एवं बचाव कार्यों को सफलतापूर्वक अंजाम देते हैं।
कर्नल जयवीर सिंह ने कहा कि एनसीसी कैडेट्स के लिए इस प्रकार का प्रशिक्षण बेहद उपयोगी है। इससे उनमें अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, त्वरित निर्णय लेने की योग्यता तथा समाज सेवा की भावना का विकास होता है। उन्होंने कैडेट्स से प्राप्त प्रशिक्षण को जीवन में अपनाने और आवश्यकता पड़ने पर समाज की सेवा के लिए सदैव तत्पर रहने का आह्वान किया।
एनडीआरएफ के इंस्पेक्टर दीपक मंडल ने बताया कि राष्ट्रीय आपदा मोचन बल का गठन आपदा प्रबंधन अधिनियम-2005 के तहत किया गया था। इसका मुख्य उद्देश्य प्राकृतिक एवं मानवजनित आपदाओं के दौरान प्रभावित लोगों को राहत, बचाव और सहायता प्रदान करना है। उन्होंने कहा कि एनडीआरएफ के जवान अत्याधुनिक उपकरणों, संचार प्रणालियों और विशेष प्रशिक्षण से लैस होते हैं, जिससे वे किसी भी चुनौतीपूर्ण परिस्थिति में प्रभावी ढंग से कार्य कर सकें।
शिविर के दौरान सेवायोजन विभाग की टीम ने भी कैडेट्स को कैरियर मार्गदर्शन प्रदान किया। सेवायोजन विभाग के अविनाश कुमार सिंह ने युवाओं को रोजगार और भविष्य निर्माण से जुड़े विभिन्न अवसरों की जानकारी दी। वहीं मॉडल कैरियर सेंटर के शाहनवाज अहमद ने विभागीय योजनाओं और रोजगार संबंधी सुविधाओं के बारे में विस्तार से बताया।
कार्यक्रम का संचालन एवं समन्वय डिप्टी कैंप कमांडेंट लेफ्टिनेंट कर्नल अमित कुमार सिंह के निर्देशन में किया गया। प्रशिक्षण सत्र के दौरान कैडेट्स ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की और आपदा की स्थिति में जिम्मेदार नागरिक की भूमिका निभाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर कैप्टन वाहिद अली, सेकंड ऑफिसर अनिल कुमार, कुंवर शैलेन्द्र प्रताप सिंह, सूबेदार अरविंद कुमार, विश्वनाथ पुरी, कैंप क्वार्टर मास्टर दयानंद, संजय प्रजापति, मनोरंजन त्रिपाठी, मनोज कुमार सहित बड़ी संख्या में एनसीसी अधिकारी, स्टाफ और कैडेट्स उपस्थित रहे।

अन्य खबरें

KIRORI MAL KA HATA, SUMER SAGAR, GORAKHPUR
Copyright © 2024 - 2025 PHM News. All Rights Reserved.