गोरखपुर न्यूज़
Home / Local / Uttar Pradesh / गोरखपुर
🚨 Breaking News | गोरखपुर

मोहर्रम को लेकर गोरखपुर में अलर्ट मोड पर प्रशासन, एसपी सिटी ने निकाला फ्लैग मार्च : संवेदनशील क्षेत्रों का निरीक्षण, अधिकारियों ने शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील की

गोरखपुर | 23-Jun-2026 10:02 PM | 47 |
गोरखपुर
संवेदनशील क्षेत्रों का निरीक्षण, अधिकारियों ने शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील की

गोरखपुर। आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से गोरखपुर पुलिस और प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में सोमवार को पुलिस अधीक्षक नगर निमिष पाटील, एडीएम सिटी गजेंद्र कुमार तथा क्षेत्राधिकारी कोतवाली ओंकार दत्त तिवारी के नेतृत्व में थाना राजघाट एवं थाना कोतवाली क्षेत्र में व्यापक पैदल गश्त (फ्लैग मार्च) निकाला गया। फ्लैग मार्च के माध्यम से अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के साथ ही आमजन को कानून-व्यवस्था बनाए रखने का संदेश दिया।
फ्लैग मार्च के दौरान अधिकारियों ने मोहर्रम के दृष्टिगत संवेदनशील क्षेत्रों, प्रमुख बाजारों, ताजिया मार्गों, धार्मिक स्थलों तथा भीड़भाड़ वाले इलाकों का निरीक्षण किया। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े विभिन्न बिंदुओं की समीक्षा की गई और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों और धर्मगुरुओं से मुलाकात कर आपसी भाईचारा और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने की अपील भी की।
पुलिस अधीक्षक नगर निमिष पाटील ने कहा कि मोहर्रम के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की अफवाह फैलाने, सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने या असामाजिक गतिविधियों में शामिल होने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिया कि अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित गश्त बढ़ाएं और संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखें।
एसपी सिटी ने यह भी बताया कि मोहर्रम के दौरान सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से प्रमुख स्थानों की लगातार निगरानी की जाएगी। आवश्यकता पड़ने पर ड्रोन कैमरों का भी उपयोग किया जाएगा, जिससे किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल नजर रखी जा सके। इसके अलावा जुलूस मार्गों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए पूर्व निर्धारित डायवर्जन प्लान लागू किया जाएगा।
एडीएम सिटी गजेंद्र कुमार ने नगर निगम एवं अन्य संबंधित विभागों को निर्देशित करते हुए कहा कि मोहर्रम के दौरान साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
क्षेत्राधिकारी कोतवाली ओंकार दत्त तिवारी ने कहा कि खुफिया तंत्र को सक्रिय कर दिया गया है और सोशल मीडिया पर भी विशेष नजर रखी जा रही है। भ्रामक, आपत्तिजनक या माहौल बिगाड़ने वाली पोस्ट करने वालों के विरुद्ध तत्काल कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
फ्लैग मार्च में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली, थानाध्यक्ष राजघाट सहित बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल रहे। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें, किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें और मोहर्रम पर्व को आपसी सद्भाव एवं शांति के साथ संपन्न कराने में सहयोग करें। इससे आमजन में सुरक्षा का भरोसा मजबूत हुआ और यह संदेश गया कि पुलिस-प्रशासन हर परिस्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है।

अन्य खबरें

KIRORI MAL KA HATA, SUMER SAGAR, GORAKHPUR
Copyright © 2024 - 2025 PHM News. All Rights Reserved.