फिल्म अभिनेत्री व महामंडलेश्वर ममता कुलकर्णी ने गोरखनाथ मंदिर में किया दर्शन, बोलीं—“गोरखपुर में शांति और स्वच्छता अद्भुत” : योगी सरकार के विकास कार्यों की सराहना करते हुए कहा— गोरखपुर के रास्ते और मंदिर परिसर बेहद स्वच्छ, ध्यान और साधना के लिए आदर्श स्थान
गोरखपुर। फिल्म अभिनेत्री और महामंडलेश्वर ममता कुलकर्णी ने गुरुवार को गुरु गोरखनाथ मंदिर पहुंचकर बाबा गोरखनाथ का दर्शन किया। उन्होंने कहा कि गोरखनाथ नवनाथों में दूसरे स्थान पर आते हैं और उनके गुरु मछिंद्रनाथ जी थे। गोरखनाथ ने उन्हीं के सानिध्य में सिद्धि प्राप्त की थी।
ममता कुलकर्णी ने बताया, “मेरे गुरु भी चैतन्य गिरी नाथ जी हैं। उनके सानिध्य में मैं लगभग 12-13 वर्ष रही हूं। मेरी पहली इच्छा थी कि गोरखपुर आकर गुरु गोरखनाथ बाबा के दर्शन करूं, आज वह पूरी हुई।”
गोरखपुर की स्वच्छता और विकास की प्रशंसा करते हुए उन्होंने कहा, “योगी जी ने यहां बहुत कार्य किया है। पूरे शहर में सुरक्षा और स्वच्छता का अच्छा माहौल है। मैं कई राज्यों में गई हूं, लेकिन गोरखपुर की सड़कों की स्वच्छता और व्यवस्था अनुकरणीय है।”
उन्होंने आगे कहा, “जब मैं गुरु गोरखनाथ के मंदिर में आई तो लगा जैसे मैं अपने गुरु के मठ में आ गई हूं। यहां की शक्ति और शांति अद्भुत है। यहां कुछ दिन रहकर ध्यान करने का मन होता है।”