यूपी चुनाव 2027: 25 दलों ने बनाया जन भागीदारी संकल्प मोर्चा, पुरानी पेंशन और निशुल्क शिक्षा का वादा : प्रेस वार्ता में 25 राजनीतिक दलों और संगठनों ने संयुक्त रूप से चुनाव लड़ने का किया ऐलान, पुरानी पेंशन बहाली, संविदाकर्मियों के नियमितीकरण और निशुल्क शिक्षा का किया वादा।
विभव पाठक, ब्यूरो चीफ
गोरखपुर। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर लगभग 25 राजनीतिक दलों एवं सामाजिक संगठनों ने मिलकर 'जन भागीदारी संकल्प मोर्चा' के गठन की घोषणा की है। प्रेस वार्ता के माध्यम से गठबंधन के नेताओं ने इसे प्रदेश की जनता के लिए एक नए राजनीतिक विकल्प के रूप में प्रस्तुत करते हुए संयुक्त रूप से चुनाव लड़ने का ऐलान किया।
मोर्चा के नेताओं ने कहा कि अब तक सत्ता में रही सरकारें जनता की अपेक्षाओं पर पूरी तरह खरी नहीं उतर सकीं, जिसके कारण लोगों में असंतोष है। इसी पृष्ठभूमि में विभिन्न राजनीतिक दलों और संगठनों ने एक मंच पर आकर विधानसभा चुनाव 2027 में संयुक्त रूप से उतरने का निर्णय लिया है। उनका दावा है कि यदि जनता का समर्थन मिला तो जन भागीदारी संकल्प मोर्चा प्रदेश में सरकार बनाने में सफल होगा।
प्रेस वार्ता में नेताओं ने कहा कि यदि उनकी सरकार बनती है तो पहली कैबिनेट बैठक में संविदा एवं आउटसोर्सिंग कर्मचारियों के नियमितीकरण का निर्णय लिया जाएगा। साथ ही पुरानी पेंशन योजना को बहाल करने, नर्सरी से उच्च शिक्षा तक निशुल्क शिक्षा उपलब्ध कराने तथा भूमिहीन गरीबों को भूमि देने का वादा किया गया। इसके अलावा सार्वजनिक कर प्रणाली की विसंगतियों में सुधार और सड़क परिवहन पर भार कम करने के लिए जलमार्गों के विकास को भी प्राथमिकता देने की बात कही गई।
प्रेस वार्ता में लौकिक समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जनार्दन चौहान, अखिल भारतीय संविदा कर्मचारी महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुनील श्रीवास्तव, विश्व शांति मिशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष अरुण कुमार श्रीवास्तव, भारतीय ग्रामवासी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बृजेंद्र मणि त्रिपाठी, वैचारिक क्रांति पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एन.के. गुप्ता, क्रांतिकारी स्वराज दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष संतोष सिंह चौहान सहित विभिन्न दलों के राष्ट्रीय पदाधिकारी मौजूद रहे।
मोर्चा के नेताओं ने कहा कि आगामी दिनों में प्रदेशभर में संगठन विस्तार, जनसंपर्क अभियान और कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे, ताकि गठबंधन की नीतियों और घोषणाओं को जनता तक पहुंचाया जा सके।