गोरखपुर न्यूज़
Home / Local / Uttar Pradesh / गोरखपुर
🚨 Breaking News | गोरखपुर

ओवरस्पीडिंग के 416, नो-पार्किंग के 412 और हेल्मेट न पहनने के 351 मामलों में हुई कार्रवाई, : कई वाहन किए गए सीज

गोरखपुर | 23-Jun-2026 09:56 PM | 47 |
गोरखपुर
कई वाहन किए गए सीज

गोरखपुर। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात नियमों के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से यातायात पुलिस एवं परिवहन विभाग ने संयुक्त रूप से दो दिवसीय विशेष अभियान चलाया। 20 और 21 जून को हुए इस अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले 1470 से अधिक वाहनों के खिलाफ चालान और सीज की कार्रवाई की गई।
पुलिस उपमहानिरीक्षक (यातायात एवं सड़क सुरक्षा) उत्तर प्रदेश के निर्देश पर चलाए गए इस अभियान का नेतृत्व पुलिस अधीक्षक यातायात अमित कुमार श्रीवास्तव और एआरटीओ अरुण कुमार ने किया। शहर के प्रमुख चौराहों, व्यस्त मार्गों और संवेदनशील स्थलों पर संयुक्त टीमों द्वारा सघन जांच अभियान चलाया गया।
कार्रवाई के दौरान सर्वाधिक 416 वाहन ओवरस्पीडिंग करते पाए गए, जबकि 412 वाहनों का नो-पार्किंग क्षेत्र में खड़े होने पर चालान किया गया। हेल्मेट न पहनने वाले 351 दोपहिया चालकों के खिलाफ कार्रवाई हुई। वहीं सीट बेल्ट का प्रयोग न करने वाले 45 वाहन चालकों को भी दंडित किया गया।
अभियान में वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग करने वाले 5 चालकों को पकड़ा गया। शराब पीकर वाहन चलाने के 23 मामलों में कानूनी कार्रवाई की गई, जबकि 33 चालक रॉन्ग साइड वाहन चलाते हुए मिले। इसके अलावा 90 वाहनों पर नंबर प्लेट अथवा हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट (एचएसआरपी) न होने पर कार्रवाई की गई।
संयुक्त टीम ने 14 अनधिकृत बसों और 10 ओवरलोड वाहनों को भी पकड़ा। वहीं रात्रिकालीन सुरक्षा के मद्देनजर 71 वाहनों पर रिफ्लेक्टिव टेप न होने के कारण चालान किया गया।
पुलिस अधीक्षक यातायात अमित कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि सड़क सुरक्षा से जुड़ा यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। उन्होंने वाहन चालकों से हेल्मेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल न करने की अपील की।
प्रशासन का मानना है कि इस प्रकार की नियमित और सख्त कार्रवाई से यातायात नियमों के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ेगी और सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने में मदद मिलेगी।

अन्य खबरें

KIRORI MAL KA HATA, SUMER SAGAR, GORAKHPUR
Copyright © 2024 - 2025 PHM News. All Rights Reserved.