गोरखपुर
गोरखपुर। शाहपुर थाना क्षेत्र में वाहन की टक्कर के बाद एक महिला के साथ कथित अभद्रता, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दर्ज मुकदमे में आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस अधीक्षक नगर के निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारी गोरखनाथ के पर्यवेक्षण में थाना शाहपुर पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई के तहत आरोपी को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार, 9 जुलाई 2026 को वादिनी अपनी चारपहिया वाहन से जा रही थीं। इसी दौरान रास्ते में उनके वाहन की टक्कर आरोपी के दोपहिया वाहन से हो गई।
आरोप है कि टक्कर के बाद विवाद बढ़ गया और आरोपी ने अपने कुछ साथियों के साथ मिलकर महिला के साथ अभद्र व्यवहार किया। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई तथा जान से मारने की धमकी भी दी गई। घटना के बाद पीड़िता ने थाना शाहपुर पहुंचकर लिखित तहरीर दी, जिसके आधार पर मुकदमा संख्या 322/2026 दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने साक्ष्य एकत्र किए और आरोपी की तलाश शुरू की। इसी क्रम में पुलिस ने राज निषाद पुत्र सुभाष निषाद निवासी पादरी बाजार, मोहनापुर, थाना शाहपुर, जनपद गोरखपुर को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की विवेचना जारी है। यदि जांच के दौरान अन्य व्यक्तियों की संलिप्तता सामने आती है तो उनके विरुद्ध भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत कर आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।