गोरखपुर न्यूज़
Home / Local / Uttar Pradesh / गोरखपुर
🚨 Breaking News | गोरखपुर

गोरखपुर: युवक को कार से कुचलने की कोशिश : हत्या के प्रयास का आरोपी गिरफ्तार

गोरखपुर | 06-Jul-2026 11:22 PM | 47 |
गोरखपुर
हत्या के प्रयास का आरोपी गिरफ्तार

गोरखपुर। रामगढ़ताल थाना क्षेत्र में युवक को कार से कुचलकर जान से मारने की कोशिश करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त चारपहिया वाहन भी बरामद कर लिया है। आरोपी के खिलाफ पहले से हत्या के प्रयास, गैंगस्टर एक्ट, मारपीट और धमकी समेत कई गंभीर मुकदमे दर्ज हैं।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक नगर के निर्देशन, क्षेत्राधिकारी कैंट के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक रामगढ़ताल के नेतृत्व में चलाए जा रहे अपराध नियंत्रण अभियान के तहत की गई। पुलिस के अनुसार थाना रामगढ़ताल में दर्ज मुकदमा संख्या 362/2026 के तहत आरोपी विशाल सिंह पुत्र दिनेश सिंह, निवासी हरिहरपुर, थाना बांसगांव को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के मुताबिक घटना 5 जुलाई 2026 की रात करीब 10:30 बजे की है। शिकायतकर्ता के पुत्र गणेश अपने एक मित्र के साथ बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान कार से पहुंचे दो लोगों ने किसी बात को लेकर विवाद शुरू कर दिया। आरोप है कि विवाद के दौरान विशाल सिंह ने जान से मारने की नीयत से कार से गणेश को टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
घटना की सूचना मिलते ही रामगढ़ताल पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की और आरोपी की तलाश में दबिश दी। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने विशाल सिंह को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही घटना में इस्तेमाल की गई कार को भी कब्जे में ले लिया गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी का आपराधिक इतिहास लंबा है। उसके विरुद्ध हत्या के प्रयास, मारपीट, धमकी, गैंगस्टर एक्ट सहित कई संगीन धाराओं में पहले से मुकदमे दर्ज हैं। आरोपी के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि जनपद में अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

अन्य खबरें

PHM NEWS Repoter
Copyright © 2024 - 2025 PHM News. All Rights Reserved.