गोरखपुर न्यूज़
Home / Local / Uttar Pradesh / गोरखपुर
🚨 Breaking News | गोरखपुर

त्योहारों पर डीजे और मूर्तिकारों के लिए गोरखपुर पुलिस ने जारी किए सख्त निर्देश : डीजे पर अश्लील, सांप्रदायिक और राजनीतिक गानों पर रोक, मूर्तिकारों को प्रतिमाओं का रिकॉर्ड रखने का आदेश

गोरखपुर | 18-Sep-2025 07:59 AM | 47 |
गोरखपुर
डीजे पर अश्लील, सांप्रदायिक और राजनीतिक गानों पर रोक, मूर्तिकारों को प्रतिमाओं का रिकॉर्ड रखने का आदेश

गोरखपुर। आगामी दुर्गा पूजा, दीपावली और छठ पर्व को शांति एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन सतर्क हो गया है। एसएसपी राजकरन नैय्यर के निर्देश पर तिवारीपुर थाना प्रभारी सूरज सिंह की अध्यक्षता में मंगलवार को तिवारीपुर थाने पर डीजे संचालकों और मूर्तिकारों की बैठक आयोजित की गई।

बैठक में थाना प्रभारी सूरज सिंह ने स्पष्ट निर्देश दिया कि त्योहारों में किसी भी प्रकार की अशांति बर्दाश्त नहीं की जाएगी। डीजे संचालकों को आदेश दिया गया है कि किसी भी डीजे पर अश्लील, सांप्रदायिक या राजनीतिक गाने नहीं बजाए जाएंगे, क्योंकि इससे सामाजिक सौहार्द बिगड़ने की आशंका रहती है। साथ ही, एक डीजे पर दो से अधिक साउंड बॉक्स लगाने की अनुमति नहीं होगी। यदि किसी आयोजन में अधिक साउंड की आवश्यकता होती है तो संबंधित थाना प्रभारी से पूर्व अनुमति लेनी होगी।

मूर्तिकारों को निर्देशित किया गया कि वे अपने यहां बनने वाली सभी प्रतिमाओं का रिकॉर्ड रजिस्टर में दर्ज करेंगे—कितनी मूर्तियां बनीं और कहां भेजी जा रही हैं। इसके लिए नोडल अधिकारी बीपीओ को सूचित करना अनिवार्य होगा, ताकि प्रतिमाओं की जानकारी संबंधित थाना प्रभारी तक भी पहुंचे।

थाना प्रभारी ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप त्योहारों को सौहार्दपूर्ण तरीके से मनाने की जिम्मेदारी सभी की है। किसी भी प्रकार की अराजकता फैलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में जाफरा बाजार चौकी इंचार्ज राजेश पांडेय, डोमिनगढ़ चौकी इंचार्ज शशि किरण सिंह, घासी कटरा चौकी इंचार्ज दीनानाथ पांडेय, उपनिरीक्षक रोहित साहू समेत बड़ी संख्या में डीजे संचालक और मूर्तिकार मौजूद रहे।

अन्य खबरें

PHM NEWS Repoter
Copyright © 2024 - 2025 PHM News. All Rights Reserved.