गोरखपुर पुलिस लाइन में HPV टीकाकरण शिविर, सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए बालिकाओं को किया जागरूक : पुलिस परिवार की बालिकाओं और छात्राओं ने कराया एचपीवी टीकाकरण, एसएसपी डॉ. कौस्तुभ ने प्रमाण-पत्र देकर किया उत्साहवर्धन।
विभव पाठक, ब्यूरो चीफ
गोरखपुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ के निर्देशन में पुलिस लाइन गोरखपुर में पुलिस परिवार की बालिकाओं एवं विभिन्न विद्यालयों की छात्राओं के लिए एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य बालिकाओं को सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाव के प्रति जागरूक करना और समय रहते उन्हें सुरक्षित करना था।
शिविर में बड़ी संख्या में बालिकाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर एचपीवी का टीका लगवाया। कार्यक्रम के दौरान एसएसपी डॉ. कौस्तुभ ने टीकाकरण कराने वाली बालिकाओं का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें प्रशस्ति-पत्र वितरित किए। साथ ही सभी प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र प्रदान कर उनके स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने की सराहना की।
अधिकारियों ने कहा कि एचपीवी टीकाकरण सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम का प्रभावी माध्यम है। समय पर टीकाकरण कराने से इस गंभीर बीमारी के खतरे को काफी हद तक कम किया जा सकता है। उन्होंने अभिभावकों से भी अपील की कि वे अपनी बेटियों के स्वास्थ्य के प्रति सजग रहें और नियमित टीकाकरण सुनिश्चित करें।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में पुलिस अधीक्षक नगर एवं सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी लाइन की महत्वपूर्ण भूमिका रही। स्वास्थ्य विभाग की ओर से डॉ. नंद लाल कुशवाहा, डॉ. नीरज द्विवेदी, डॉ. विनय शंकर (डब्ल्यूएचओ) तथा उनकी टीम ने टीकाकरण और स्वास्थ्य जागरूकता अभियान में सक्रिय सहयोग दिया।
शिविर के समापन पर अधिकारियों ने कहा कि इस प्रकार के जागरूकता अभियान समाज में स्वास्थ्य संबंधी भ्रांतियों को दूर करने और गंभीर बीमारियों की रोकथाम में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।