PHM NEWS

गोरखपुर

प्रकाशित: 08 Jul 2026

गोरखपुर। डिजिटल युग में बच्चों के बीच मोबाइल, टैबलेट और अन्य इलेक्ट्रॉनिक स्क्रीन का बढ़ता उपयोग उनकी आँखों के स्वास्थ्य के लिए गंभीर चुनौती बनता जा रहा है। लंबे समय तक स्क्रीन पर समय बिताने से आँखों में थकान, सूखापन, सिरदर्द, धुंधला दिखाई देना, पढ़ाई में ध्यान केंद्रित करने में कठिनाई और कम उम्र में चश्मे की आवश्यकता जैसी समस्याएँ तेजी से बढ़ रही हैं।
इन्हीं समस्याओं के प्रति अभिभावकों को जागरूक करने और बच्चों की आँखों की समय पर जाँच सुनिश्चित करने के उद्देश्य से 10 जुलाई 2026 को मित्तल आई हॉस्पिटल, बेतियाहाता, गोरखपुर में निःशुल्क नेत्र जांच शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर का समय प्रातः 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक निर्धारित किया गया है।
शिविर में अनुभवी नेत्र रोग विशेषज्ञ बच्चों की दृष्टि की संपूर्ण जाँच करेंगे। इसके अंतर्गत चश्मे की आवश्यकता, भेंगापन (Squint), आलसी आँख (Lazy Eye), दृष्टि दोष तथा अन्य नेत्र संबंधी समस्याओं की पहचान की जाएगी। आवश्यकता पड़ने पर बच्चों को उचित परामर्श एवं उपचार संबंधी सलाह भी दी जाएगी।
विशेषज्ञों का कहना है कि 16 वर्ष से कम आयु के बच्चों को अनावश्यक रूप से मोबाइल फोन देने से बचना चाहिए। वहीं बड़े बच्चों के लिए भी स्क्रीन टाइम सीमित रखना आवश्यक है। पढ़ाई के दौरान पर्याप्त रोशनी का उपयोग करें, हर 20 से 30 मिनट में आँखों को कुछ देर आराम दें, बच्चों को नियमित रूप से खुले वातावरण में खेलने के लिए प्रोत्साहित करें तथा समय-समय पर नेत्र परीक्षण अवश्य कराएँ।
अस्पताल प्रबंधन ने सभी अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने बच्चों को 10 जुलाई को आयोजित इस निःशुल्क नेत्र जांच शिविर में अवश्य लेकर आएँ और उनकी आँखों के स्वस्थ एवं सुरक्षित भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाएँ।