गोरखपुर में पूर्व पार्षद राजकुमार चौहान की दिनदहाड़े हत्या : गोली मारकर फिर चाकू से किया हमला
गोरखपुर,चिलुआताल थाना क्षेत्र के बरगदवा इलाके में मंगलवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब मॉर्निंग वॉक पर निकले पूर्व पार्षद राजकुमार चौहान की बेखौफ बदमाशों ने निर्मम हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, करीब चार हमलावरों ने राजकुमार चौहान को घेर लिया। पहले उनके सिर में गोली मारी गई, इसके बाद सीने पर चाकू से ताबड़तोड़ वार किए गए। गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद वे करीब 100 मीटर तक अपनी जान बचाने के लिए भागे, लेकिन बदमाशों ने पीछा कर उन्हें दोबारा निशाना बनाया और मौत के घाट उतार दिया।
बताया जा रहा है कि हमलावर वारदात को अंजाम देने के बाद कुछ देर तक मौके पर ही रुके रहे और उनकी मौत की पुष्टि होने के बाद फरार हो गए। जानकारी के अनुसार, बदमाश अपनी गाड़ी कुछ दूरी पर खड़ी कर पैदल ही घटनास्थल तक पहुंचे थे, जिससे यह वारदात सुनियोजित प्रतीत होती है।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और उन्हें तुरंत बीआरडी मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र को घेरकर जांच शुरू कर दी। एहतियात के तौर पर इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा ले रहे हैं। प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ जारी है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की गई हैं।
पुलिस का कहना है कि इस जघन्य हत्याकांड में शामिल आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
अन्य खबरें
गोरखपुर : वाहन टक्कर के बाद महिला से अभद्रता व मारपीट, शाहपुर पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
गोरखपुर न्यूज़गोरखपुर : गोला पुलिस ने लूटकांड का किया खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार, लॉकेट और बाइक बरामद
गोरखपुर न्यूज़गोरखपुर से पौधरोपण महायज्ञ-2026 की शुरुआत करेंगे सीएम योगी : 35 करोड़ पौधरोपण का लक्ष्य
गोरखपुर न्यूज़बांसगांव में सक्रिय हुए पूर्व मंत्री सदल प्रसाद : जनसंपर्क अभियान से बढ़ी राजनीतिक हलचल
गोरखपुर न्यूज़