गोरखपुर
गोरखपुर। मंडलायुक्त अनिल ढींगरा एवं डीआईजी एस. चेनप्पा ने शुक्रवार को महायोगी गुरु गोरखनाथ आयुष विश्वविद्यालय, भटहट में निर्माणाधीन ऑडिटोरियम और मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान 1000 क्षमता वाले ऑडिटोरियम के निर्माण कार्य में अपेक्षित प्रगति न मिलने पर मंडलायुक्त ने नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त ने कार्यदायी संस्था लोक निर्माण विभाग (भवन) के अधिकारियों से निर्माण कार्य की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि ऑडिटोरियम का निर्माण निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए। कार्य की धीमी गति पर असंतोष व्यक्त करते हुए उन्होंने निर्माण कार्य में अतिरिक्त संसाधन लगाकर इसे शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए।
इसके बाद मंडलायुक्त और डीआईजी ने 11 जुलाई 2026 को मुख्यमंत्री के प्रस्तावित भटहट-बांसस्थान फोरलेन मार्ग के लोकार्पण कार्यक्रम के मद्देनजर जनसभा स्थल का भी निरीक्षण किया। अधिकारियों ने कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के निर्देश दिए।
मंडलायुक्त ने कहा कि मौसम को ध्यान में रखते हुए कार्यक्रम स्थल पर आने वाले लोगों के लिए सुरक्षित और सुगम आवागमन की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। इसके साथ ही पर्याप्त पेयजल, मोबाइल टॉयलेट, चिकित्सा सुविधा और अन्य आवश्यक बुनियादी व्यवस्थाएं समय से उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने पार्किंग स्थल पर वाहनों के व्यवस्थित संचालन और यातायात प्रबंधन पर भी विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
डीआईजी एस. चेनप्पा ने पुलिस अधिकारियों को कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वीआईपी सुरक्षा के साथ-साथ आमजन की सुविधा और यातायात व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान दिया जाए, ताकि कार्यक्रम शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।
निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे और उन्होंने तैयारियों की प्रगति से मंडलायुक्त एवं डीआईजी को अवगत कराया।