गोरखपुर न्यूज़
Home / Local / Uttar Pradesh / गोरखपुर
🚨 Breaking News | गोरखपुर

गोरखपुर: तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार दंपती को कुचला, पति-पत्नी की मौत, बेटा गंभीर : भोपा चौराहे के पास दर्दनाक हादसा, ट्रक छोड़कर चालक फरार

गोरखपुर | 05-Jun-2026 07:56 PM | 47 |
गोरखपुर
भोपा चौराहे के पास दर्दनाक हादसा, ट्रक छोड़कर चालक फरार

गोरखपुर। चौरीचौरा थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह हुए एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया। भोपा चौराहे के पास तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार पति-पत्नी की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उनका सात वर्षीय बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जुट गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, देवरिया जिले के रहने वाले सत्यनारायण भारती (35) अपनी पत्नी प्रेमशीला (32) और सात वर्षीय बेटे के साथ बाइक से तरकुलहा देवी मंदिर दर्शन करने जा रहे थे। बताया जा रहा है कि परिवार एक दिन पहले गोरखपुर के झंगहा क्षेत्र स्थित अपने रिश्तेदार के घर आया था। शुक्रवार सुबह वे मंदिर दर्शन के लिए निकले थे, लेकिन रास्ते में यह दर्दनाक हादसा हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जैसे ही उनकी बाइक चौरीचौरा क्षेत्र के भोपा चौराहे के पास पहुंची, पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। सात वर्षीय बच्चा उछलकर सड़क किनारे जा गिरा, जिससे उसकी जान बच गई, लेकिन उसे गंभीर चोटें आई हैं।
वहीं सत्यनारायण और उनकी पत्नी प्रेमशीला ट्रक के साथ करीब 100 मीटर तक सड़क पर घिसटते चले गए। दोनों ट्रक के पहियों की चपेट में आ गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे का दृश्य इतना भयावह था कि मौके पर मौजूद लोग दहल उठे।
घटना के बाद चालक ट्रक लेकर भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन स्थानीय लोगों ने उसका पीछा किया। दबाव बढ़ता देख चालक करीब एक किलोमीटर दूर ट्रक छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलते ही चौरीचौरा पुलिस मौके पर पहुंची और घायल बच्चे को तत्काल अस्पताल भिजवाया। चिकित्सकों के अनुसार बच्चे की हालत गंभीर बनी हुई है और उसका इलाज जारी है।
पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को भी अपने कब्जे में ले लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फरार चालक की तलाश के लिए टीमों का गठन कर दिया गया है और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
इस हृदयविदारक हादसे से मृतकों के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। मंदिर दर्शन के लिए निकला परिवार कुछ ही पलों में एक बड़े हादसे का शिकार हो गया, जिससे पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।

अन्य खबरें

KIRORI MAL KA HATA, SUMER SAGAR, GORAKHPUR
Copyright © 2024 - 2025 PHM News. All Rights Reserved.