गोरखपुर न्यूज़
Home / Local / Uttar Pradesh / गोरखपुर
🚨 Breaking News | गोरखपुर

डायल 112 और शाहपुर पुलिस पर लापरवाही का आरोप, मिले हुए बुजुर्ग को छोड़ने के बाद फिर हुए लापता : मानसिक रूप से अस्वस्थ 78 वर्षीय बुजुर्ग के मामले में बेटे ने एसएसपी से लगाई गुहार, कार्रवाई और तलाश की मांग

गोरखपुर | 25-Jun-2026 10:15 PM | 47 |
गोरखपुर
मानसिक रूप से अस्वस्थ 78 वर्षीय बुजुर्ग के मामले में बेटे ने एसएसपी से लगाई गुहार, कार्रवाई और तलाश की मांग

गोरखपुर। शहर में डायल 112 और शाहपुर पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करने वाला मामला सामने आया है। एक 78 वर्षीय बुजुर्ग के दोबारा लापता होने के मामले में परिजनों ने पुलिस पर लापरवाही और संवेदनहीनता का आरोप लगाया है। पीड़ित बेटे ने इस संबंध में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) को शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, शाहपुर क्षेत्र निवासी भारतेंदु कुमार के पिता घनश्याम प्रसाद (78) की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है। परिजनों के मुताबिक 20 जून 2026 की सुबह वह घर से अचानक कहीं चले गए थे। उनकी तलाश करने के साथ ही परिवार ने डायल 112 और शाहपुर थाने को इसकी सूचना भी दी थी।
आरोप है कि उसी दिन रात करीब नौ बजे हड़हवा फाटक निवासी विनय कुमार श्रीवास्तव को घनश्याम प्रसाद मिले। उन्होंने मानवीय संवेदनाओं का परिचय देते हुए डायल 112 को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और बुजुर्ग को अपने साथ ले गई। परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने न तो परिवार को इसकी जानकारी दी और न ही किसी प्रकार की आवश्यक कानूनी या मानवीय प्रक्रिया अपनाई। बल्कि बुजुर्ग को यह कहकर छोड़ दिया गया कि वे अपने घर चले जाएं।
परिजनों का कहना है कि मानसिक रूप से अस्वस्थ होने के कारण बुजुर्ग स्वयं घर नहीं पहुंच सके और दोबारा लापता हो गए। जब 24 जून को परिवार ने फिर से डायल 112 से संपर्क किया, तो उन्हें बताया गया कि इस संबंध में कोई शिकायत दर्ज नहीं है।
पीड़ित भारतेंदु कुमार का आरोप है कि यदि पुलिस समय रहते परिवार को सूचित कर देती या बुजुर्ग को सुरक्षित थाने अथवा परिजनों के सुपुर्द कर देती, तो यह स्थिति उत्पन्न नहीं होती। उन्होंने एसएसपी से मामले की जांच कर संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई करने तथा अपने पिता की जल्द से जल्द तलाश सुनिश्चित कराने की मांग की है।

अन्य खबरें

KIRORI MAL KA HATA, SUMER SAGAR, GORAKHPUR
Copyright © 2024 - 2025 PHM News. All Rights Reserved.