गोरखपुर न्यूज़
Home / Local / Uttar Pradesh / गोरखपुर
🚨 Breaking News | गोरखपुर

डीडीयू गोरखपुर विश्वविद्यालय: एलएलबी प्रवेश परीक्षा में 90% और एमबीए में 91% अभ्यर्थी रहे उपस्थित : एमसीए और एमएससी रसायन विज्ञान की परीक्षाएं भी सफलतापूर्वक आयोजित

गोरखपुर | 12-Jul-2026 08:02 PM | 47 |
गोरखपुर
एमसीए और एमएससी रसायन विज्ञान की परीक्षाएं भी सफलतापूर्वक आयोजित

गोरखपुर। दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय में रविवार को विभिन्न पाठ्यक्रमों की प्रवेश परीक्षाएं शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुईं। एलएलबी प्रवेश परीक्षा में 90 प्रतिशत तथा एमबीए प्रवेश परीक्षा में करीब 91 प्रतिशत अभ्यर्थियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
विश्वविद्यालय की इस सत्र की दूसरी सबसे बड़ी प्रवेश परीक्षा एलएलबी के लिए सात परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। परीक्षा के दौरान मुख्य नियंता डॉ. टी.एन. मिश्रा अपने सहयोगियों एवं पुलिस बल के साथ मुख्य द्वार पर पूरी तरह मुस्तैद रहे। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था और परीक्षा संचालन की लगातार निगरानी की, जिससे परीक्षा निष्पक्ष एवं व्यवस्थित वातावरण में संपन्न हो सकी।
एलएलबी प्रवेश परीक्षा के लिए कुल 3,446 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया था। इनमें से 3,099 अभ्यर्थी परीक्षा में उपस्थित हुए, जबकि 347 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। इस प्रकार परीक्षा में उपस्थिति लगभग 90 प्रतिशत दर्ज की गई।
दोपहर के सत्र में एमसीए एवं एमएससी रसायन विज्ञान की प्रवेश परीक्षाएं आयोजित की गईं। एमसीए में कुल 209 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 180 ने परीक्षा दी, जबकि 29 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। वहीं एमएससी रसायन विज्ञान में 287 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 253 परीक्षा में शामिल हुए और 34 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे।
सायंकालीन सत्र में दीक्षा भवन में एमबीए प्रवेश परीक्षा आयोजित की गई। इस परीक्षा में 865 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया था, जिनमें से 747 अभ्यर्थी उपस्थित रहे, जबकि 118 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। एमबीए परीक्षा में उपस्थिति लगभग 91 प्रतिशत दर्ज की गई।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने बताया कि सभी प्रवेश परीक्षाएं निर्धारित समय पर, कड़ी सुरक्षा व्यवस्था और पारदर्शी प्रक्रिया के तहत सफलतापूर्वक संपन्न हुईं। कहीं से भी किसी प्रकार की अव्यवस्था या अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली।

अन्य खबरें

PHM NEWS Repoter
Copyright © 2024 - 2025 PHM News. All Rights Reserved.