कपिला पशु आहार के मंच से भक्ति गीतों की प्रस्तुति, श्रद्धालु हुए भावविभोर*।
गोरखपुर। छठ महापर्व के अवसर पर राप्ती नदी के तट स्थित गोरखनाथ घाट पर आस्था और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। कपिला पशु आहार की ओर से लगाए गए मंच पर सांसद रवि किशन ने छठ के पारंपरिक और भक्तिमय गीतों की प्रस्तुति देकर घाट पर मौजूद श्रद्धालुओं का उत्साहवर्धन किया। उनके भक्ति गीतों से पूरा वातावरण छठी मइया की भक्ति में सराबोर हो गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ सांसद रवि किशन ने दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद उन्होंने छठी मइया की महिमा से जुड़े गीतों की प्रस्तुति दी। गीतों के माध्यम से उन्होंने छठ पर्व की धार्मिक आस्था, लोक परंपरा और सांस्कृतिक महत्व को रेखांकित किया।
घाट पर अर्घ्य देने पहुंचे श्रद्धालु भक्ति गीतों को सुनकर भावविभोर नजर आए।
राप्ती नदी के तट पर एक ओर व्रती महिलाएं अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देने की तैयारियों में जुटी थीं, वहीं दूसरी ओर मंच से गूंज रहे छठ गीतों ने पूरे माहौल को भक्तिमय बना दिया। सांसद रवि किशन ने अपनी प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं में उत्साह और उमंग का संचार किया। कार्यक्रम के दौरान घाट पर उत्सव और भक्ति का अनूठा माहौल देखने को मिला।










