गोरखपुर न्यूज़
Home / Local / Uttar Pradesh / गोरखपुर
🚨 Breaking News | गोरखपुर

गोरखपुर में एस्ट्रोमेडिक्स सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल का उद्घाटन, सीएम योगी बोले- गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधा समय की जरूरत : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा- पहले हर जिले में माफिया पालती थीं सरकारें, आज हर जिले को मिल रहा मेडिकल कॉलेज।

गोरखपुर | 26-Jun-2026 11:54 PM | 47 |
गोरखपुर
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा- पहले हर जिले में माफिया पालती थीं सरकारें, आज हर जिले को मिल रहा मेडिकल कॉलेज।

गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को बेतियाहाता स्थित एस्ट्रोमेडिक्स सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता हैं और प्रदेश सरकार स्वास्थ्य एवं चिकित्सा क्षेत्र के सुदृढ़ीकरण को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 के बाद उत्तर प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था में व्यापक बदलाव आया है। उन्होंने पूर्ववर्ती सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले हर जिले में माफिया को संरक्षण मिलता था, जबकि वर्तमान सरकार ने 'वन डिस्ट्रिक्ट, वन मेडिकल कॉलेज', 'वन डिस्ट्रिक्ट, वन प्रोडक्ट' और 'वन डिस्ट्रिक्ट, वन कुजीन' जैसी योजनाओं के माध्यम से प्रदेश की नई पहचान बनाई है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संचालित आयुष्मान भारत योजना के तहत लाखों लोगों को पांच लाख रुपये तक के निःशुल्क इलाज की सुविधा मिल रही है। इसके अलावा प्रदेश सरकार राज्य स्तर पर छूटे हुए पात्र परिवारों को भी योजना से जोड़ रही है। मुख्यमंत्री ने बताया कि जरूरतमंद मरीजों के इलाज के लिए हर वर्ष मुख्यमंत्री राहत कोष से 1200 से 1500 करोड़ रुपये तक की सहायता भी दी जाती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले पूर्वी उत्तर प्रदेश में केवल बीआरडी मेडिकल कॉलेज ही प्रमुख चिकित्सा संस्थान था, लेकिन आज गोरखपुर में एम्स सहित अनेक मेडिकल कॉलेज और आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हैं। उन्होंने कहा कि सरकारी अस्पतालों में अब आईसीयू, डायलिसिस, ब्लड बैंक और अन्य अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हैं, जिससे लोगों को बेहतर उपचार मिल रहा है।
एस्ट्रोमेडिक्स हॉस्पिटल की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि विश्वसनीय स्वास्थ्य सेवा उपलब्ध कराना अस्पतालों और चिकित्सकों की बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह अस्पताल पूर्वांचल के लोगों को आधुनिक एवं गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराएगा।
मुख्यमंत्री ने हॉस्पिटल का उद्घाटन करने के साथ ही पूर्व मंत्री स्वर्गीय मार्कण्डेय चंद की प्रतिमा का अनावरण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि मार्कण्डेय चंद गोरक्षपीठ के अनन्य भक्त थे और समाज सेवा के प्रति समर्पित रहते थे।
कार्यक्रम में एमएलसी एवं हॉस्पिटल के अध्यक्ष सीपी चंद ने मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में उत्तर प्रदेश स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छू रहा है। उन्होंने बताया कि एस्ट्रोमेडिक्स हॉस्पिटल के संचालन में गुरुग्राम के फोर्टिस हॉस्पिटल का भी सहयोग मिलेगा। कार्यक्रम में सांसद रविकिशन शुक्ल, महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव, विधायकगण, डॉ. आरती चंद सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

अन्य खबरें

KIRORI MAL KA HATA, SUMER SAGAR, GORAKHPUR
Copyright © 2024 - 2025 PHM News. All Rights Reserved.