लिंक रोड पुलिस ने दबोचा शातिर चोर : चोरी के गहने और सेंधमारी के औजार बरामद
गाजियाबाद। थाना लिंक रोड पुलिस ने मकानों में सेंधमारी करने वाले एक शातिर चोर को गिरफ्तार कर चोरी की वारदात का खुलासा किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी के सोने-चांदी के पिघले हुए टुकड़े तथा चोरी में इस्तेमाल होने वाले कई उपकरण बरामद किए हैं। मामले में दो अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
पुलिस के अनुसार, 12 जुलाई 2026 को चंद्रनगर निवासी नीरू मित्तल ने थाना लिंक रोड में शिकायत दर्ज कराई थी कि अज्ञात चोर उनके मकान का ताला तोड़कर अलमारी में रखे सोने-चांदी के आभूषण और अन्य कीमती सामान चोरी कर ले गए। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान 20 जुलाई को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने चेकिंग के दौरान कृष्णा पुत्र सरदार निवासी मूल ग्राम झिरियाई, जिला गुना (मध्य प्रदेश) को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी में उसके पास से 8.790 ग्राम पीली धातु (सोना), 9.720 ग्राम सफेद धातु (चांदी) के पिघले हुए टुकड़े, कटर, पाइप रिंच, लोहे की रॉड, पेचकस, टॉर्च, लकड़ी की गुलेल, पत्थर के टुकड़े और फेस मास्क बरामद हुए।
पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि उसने अपने साथी अदमत और एहसान के साथ मिलकर चंद्रनगर क्षेत्र के मकान में चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस से बचने के लिए चोरी किए गए आभूषणों को पिघलाकर टुकड़ों में बदल दिया गया था ताकि उनकी पहचान न हो सके। बरामद धातु के टुकड़े उसी चोरी के आभूषणों के हैं, जबकि बाकी हिस्सा फरार साथी के पास है।
आरोपी ने यह भी स्वीकार किया कि करीब दो माह पहले भी तीनों ने एक अन्य मकान में चोरी की थी। उसने बताया कि मौज-मस्ती और शौक पूरे करने के लिए वह साथियों के साथ मिलकर लगातार चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था।
पुलिस ने बरामदगी के आधार पर मुकदमे में संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी कर दी है। फरार आरोपी अदमत और एहसान की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस गिरफ्तार आरोपी के आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटा रही है।