अलीगढ़ न्यूज़
Home / Local / Uttar Pradesh / अलीगढ़
🚨 Breaking News | अलीगढ़

बरला में जीजा के घर युवती की संदिग्ध मौत, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप : मुड़ैल गांव में युवती का शव फंदे से लटका मिला, परिजनों के हंगामे के बीच पुलिस जांच में जुटी

अलीगढ़ | 15-Jul-2026 03:23 PM | 521 |
अलीगढ़
मुड़ैल गांव में युवती का शव फंदे से लटका मिला, परिजनों के हंगामे के बीच पुलिस जांच में जुटी

अलीगढ़। जनपद के थाना बरला क्षेत्र के मुड़ैल गांव में 20 वर्षीय युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। युवती का शव उसके जीजा के घर की छत पर कुंडे से दुपट्टे के सहारे लटका मिला। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई, जबकि मृतका के परिजनों ने इसे आत्महत्या मानने से इनकार करते हुए हत्या का आरोप लगाया और थाने पर जमकर हंगामा किया।

मृतका की पहचान हाथरस जिले के थाना सिकंदराराऊ क्षेत्र के सिंधपुर गांव निवासी पिंकी (20 वर्ष) के रूप में हुई है। बताया गया कि वह पिछले करीब एक माह से अपने जीजा मुनेश के घर रह रही थी। मंगलवार को मुनेश के घर लैंटर डालने के उपलक्ष्य में दावत का आयोजन था, जिसमें पिंकी के मायके पक्ष के लोग भी शामिल हुए थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर मुनेश के पिता बनवारी लाल और पिंकी के पिता पाती राम के बीच कहासुनी हुई, जो बाद में मारपीट तक पहुंच गई। कुछ लोगों का कहना है कि इस विवाद के बाद पिंकी मानसिक तनाव में थी, हालांकि परिजनों ने इस दावे को पूरी तरह खारिज कर दिया।

परिजनों का कहना है कि पिंकी आत्महत्या नहीं कर सकती थी। उनका आरोप है कि उसकी हत्या कर शव को फंदे से लटका दिया गया ताकि मामला आत्महत्या का लगे। परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि उनकी गैर-मौजूदगी में शव को फंदे से नीचे उतार दिया गया, जिससे मामले पर संदेह और गहरा गया। इसी बात को लेकर उन्होंने थाना परिसर में हंगामा किया और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।

घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी सरिता सिंह और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

क्षेत्राधिकारी गर्वित सिंह ने बताया कि फिलहाल पुलिस को कोई लिखित तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। परिजनों से बातचीत की जा रही है और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि शव को परिजनों की मौजूदगी में ही फंदे से नीचे उतारा गया था। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। 

 

अन्य खबरें

PHM NEWS Repoter
Copyright © 2024 - 2025 PHM News. All Rights Reserved.